वाराणसी : दिशा की बैठक में बोले मंत्री पुरी- वैश्विक चुनौतियों के बावजूद देश मे तेल, गैस की कोई कमी नहीं

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

वाराणसी। केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने सोमवार को कहा कि वैश्विक चुनौतियों के बावजूद देश में पीएनजी, एलपीजी और पेट्रोल डीजल की कमी नही होने दी गयी है। पुरी ने यहां सर्किट हाउस में जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति (दिशा) की बैठक में विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।

बैठक में जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, आधारभूत सुविधाओं तथा ऊर्जा क्षेत्र से संबंधित कार्यों पर विशेष चर्चा हुई। पुरी ने बताया कि विभिन्न योजनाओं की समीक्षा के लिए 120 पृष्ठों की एक विस्तृत स्टेटस रिपोर्ट तैयार की गई है। उन्होंने पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध का जिक्र करते हुए कहा कि लगभग 80 दिनों से यह स्थिति बनी हुई है। इससे पहले रूस-यूक्रेन युद्ध भी हुआ। इन वैश्विक चुनौतियों के बावजूद भारत में कच्चे तेल, पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) और एलपीजी की कोई कमी नहीं होने दी गई है।

पुरी ने कहा कि पिछले चार वर्षों में सरकार ने कीमतें बढ़ाने के बजाय घटाने का प्रयास किया है। तेल विपणन कंपनियों को नुकसान उठाना पड़ा, लेकिन उपभोक्ताओं पर इसका बोझ नहीं डाला गया। वाराणसी का विशेष उल्लेख करते हुए हरदीप सिंह पुरी ने बताया कि यहां एलपीजी कनेक्शनों को तेजी से पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) कनेक्शनों में बदला जा रहा है। वर्तमान में प्रतिदिन लगभग 800 प्रभावी कनेक्शन दिए जा रहे हैं, जिन्हें और बढ़ाने की योजना है। देशभर में प्रतिदिन 50 हजार पीएनजी कनेक्शन देने का लक्ष्य रखा गया है। 

उन्होंने कहा, "आप लोग कहते हैं कि पहले क्यों नहीं सोचा। अरे मेरे भाई पहले ऐसी समस्या हमारे सामने आई ही नहीं थी। जब समस्या आई, तो हमने उसे चुनौती के साथ-साथ अवसर में भी बदल दिया।" उन्होंने कहा कि एक ऐसा देश है जहां हम दाम कम करते रहे और फिर भी एलपीजी की कोई कमी नहीं होने दी। जहां कहीं भी थोड़ी सी भी ब्लैक मार्केटिंग की कोशिश हुई, वहां हमने डिस्ट्रीब्यूटरशिप रद्द कर दी। वाराणसी में किसी भी तरह की समस्या नहीं है।

संबंधित समाचार