बाराबंकी : पुरुषोत्तम मास के पहले सोमवार पर महादेवा मंदिर में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

रामनगर/बाराबंकी, अमृत विचार। सुप्रसिद्ध लोधेश्वर महादेवा मंदिर में पुरुषोत्तम मास के प्रथम सोमवार को श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही मंदिर परिसर और आसपास के मार्गों पर भक्तों की भीड़ देखने को मिली, जो देर रात तक जलाभिषेक और पूजन-दर्शन के लिए लगातार जारी रही। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि और मनोकामना पूर्ति की कामना की।

अधिमास के पहले सोमवार पर दंडवत परिक्रमा करने वाले श्रद्धालुओं के साथ-साथ बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु पैदल एवं वाहनों से मंदिर पहुंचे। ग्रामीण क्षेत्रों से आए श्रद्धालु बेल डंडी लेकर समूहों में दंडवत परिक्रमा करते हुए बाबा लोधेश्वर के दरबार पहुंचे। भीषण गर्मी के चलते अधिकांश श्रद्धालु शाम के बाद यात्रा प्रारंभ कर देर रात तक मंदिर पहुंचते रहे। श्रद्धा और आस्था के इस विशाल आयोजन में पूरा क्षेत्र हर-हर महादेव के जयघोष से भक्तिमय हो उठा।

वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन से रात के समय दंडवत परिक्रमा को देखते हुए मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग और पुलिस निगरानी और मजबूत करने की मांग की है, ताकि यह विशाल धार्मिक आयोजन सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न हो सके। वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा।

एसडीएम आनंद तिवारी, क्षेत्राधिकारी गरिमा पंत, तहसीलदार विपुल कुमार सिंह, कोतवाल अरुण प्रताप सिंह और चौकी इंचार्ज रजनीश पांडेय अपने दल-बल के साथ लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे। पुलिस बल मंदिर परिसर और प्रमुख मार्गों पर तैनात रहा, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

संबंधित समाचार