आईपीएल मैच के चलते दिल्ली में यातायात प्रभावित, 8 अप्रैल को इन रास्तों पर बंद रहेगा ट्रैफिक
दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी के अरुण जेटली स्टेडियम में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैच के मद्देनजर आठ अप्रैल को मध्य दिल्ली में यातायात के प्रभावित होने का अनुमान है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
दिल्ली यातायात पुलिस द्वारा जारी परामर्श के अनुसार, स्टेडियम के आसपास के प्रमुख मार्गों पर दोपहर 12 बजे से आधी रात तक जाम लगने की आशंका है, क्योंकि दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटन्स के बीच मैच शाम सात बजे से रात 10.30 बजे के बीच निर्धारित है।
परामर्श में कहा गया है कि यातायात की स्थिति के आधार पर, बहादुरशाह जफर मार्ग और जेएलएन मार्ग पर यातायात का मार्ग परिवर्तन किया जा सकता है और गाड़ियों की आवाजाही सीमित की जा सकती है।
इसमें कहा गया है कि दरियागंज से दिल्ली गेट, दिल्ली गेट से गुरु नानक चौक तक और आईटीओ से दिल्ली गेट तक के हिस्सों सहित इन गलियारों पर भारी और वाणिज्यिक वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
इसमें कहा गया है कि लोगों से जेएलएन मार्ग (राजघाट से दिल्ली गेट तक), आसफ अली रोड (तुर्कमान गेट से दिल्ली गेट तक) और बहादुरशाह जफर मार्ग (दिल्ली गेट से आईटीओ तक) से बचने की सलाह दी गई है।
