ग्रेटर नोएडा में 26.1 एकड़ में बनेगा 'मेट्रो विश्वविद्यालय', यूपी मंत्रिमंडल ने छात्रों के उज्जवल भविष्य के लिए स्थापना को दी मंजूरी

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊः उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल ने एक महत्वपूर्ण फैसले के तहत ग्रेटर नोएडा में निजी क्षेत्र के अंतर्गत 'मेट्रो विश्वविद्यालय' की स्थापना से संबंधित प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को आयोजित मंत्रिमंडल की बैठक में लिए गए इस निर्णय की जानकारी देते हुए बताया कि यह फैसला उत्तर प्रदेश निजी विश्वविद्यालय अधिनियम, 2019 के प्रावधानों के तहत लिया गया है।

उन्होंने बताया कि अधिनियम के तहत निजी विश्वविद्यालयों की स्थापना, उनके विनियमन एवं संचालन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। उपाध्याय ने बताया कि प्रायोजक संस्था 'सनहिल हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड नोएडा' द्वारा ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण से आवंटित 26.1 एकड़ भूमि पर 'मेट्रो विश्वविद्यालय' स्थापित करने का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया था, जिसे विधिक प्रावधानों के अनुरूप परीक्षण के बाद स्वीकृति दी गई है।

उन्होंने बताया कि इसके लिए उत्तर प्रदेश निजी विश्वविद्यालय अधिनियम, 2019 की अनुसूची में संशोधन करते हुए 'उत्तर प्रदेश निजी विश्वविद्यालय (संशोधन) अध्यादेश, 2026' लागू किए जाने तथा प्रायोजक संस्था को संचालन प्राधिकार-पत्र निर्गत करने का निर्णय लिया गया है।

उच्च शिक्षा मंत्री ने बताया कि इस विश्वविद्यालय की स्थापना से प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा के नए अवसर सृजित होंगे तथा युवाओं को आधुनिक एवं रोजगारपरक शिक्षा उपलब्ध कराई जा सकेगी। उन्होंने कहा कि यह पहल राज्य को शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। 

संबंधित समाचार