यूपी एसटीएफ की गोरखपुर में बड़ी कार्रवाई : वन्यजीव तस्कर को किया गिरफ्तार, 100 प्रतिबंधित तोते बरामद

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने गोरखपुर से एक कथित अंतरराज्यीय वन्यजीव तस्कर को गिरफ्तार कर उसके पास से गुलाबी-गर्दन वाले 100  प्रतिबंधित तोते बरामद किए हैं। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

एसटीएफ ने एक बयान में बताया कि गोरखपुर के तिवारीपुर इलाके के निवासी आमिर को शनिवार रात हवाई अड्डे के पास नंदानगर बस स्टैंड के नजदीक गिरफ्तार किया गया। एसटीएफ के मुताबिक, आरोपी कथित तौर पर राज्यों में संरक्षित पक्षी प्रजातियों की तस्करी में शामिल था और उसके पास से एक पिंजरा, तीन बैग में रखे गए 100 तोते और एक स्कूटी बरामद की गई है।

एसटीएफ को संरक्षित वन्यजीव प्रजातियों की तस्करी में लिप्त एक अंतरराज्यीय गिरोह के बारे में सूचना मिली थी, जिसके बाद टीमों को खुफिया जानकारी जुटाने और कार्रवाई का निर्देश दिया गया। एसटीएफ ने बताया कि सूचना मिलने के बाद अपर पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार सिंह के मार्गदर्शन में एसटीएफ की टीम ने गोरखपुर स्थित वन विभाग की तिनकोनिया रेंज टीम के साथ समन्वय करके शनिवार रात करीब 9:30 बजे आरोपी को पकड़ लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसका परिवार पीढ़ियों से पक्षियों का व्यापार करता आ रहा है, लेकिन हाल के वर्षों में मुनाफा घटने के कारण उन्होंने अधिक लाभ के लिए प्रतिबंधित पक्षियों की प्रजातियों का व्यापार शुरू कर दिया। उसने पुलिस को बताया कि गोरखपुर, लखीमपुर खीरी और पीलीभीत के वन क्षेत्रों से तोते व अन्य संरक्षित पक्षी लाए जाते थे और उत्तर प्रदेश, बिहार व पश्चिम बंगाल में ऊंचे दामों पर बेचे जाते थे।

एसटीएफ ने कहा कि गिरोह के अन्य सदस्यों को गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं। गोरखपुर में स्थित तिनकोनिया वन रेंज में आरोपी के खिलाफ वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और कानूनी कार्रवाई जारी है। 

संबंधित समाचार