कानपुर फूलबाग अग्निकांड : खुले आसमान के नीचे परिवार, राख के ढेर में तलाश रहे हैं शायद कुछ बचा हो

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

कानपुर, अमृत विचार। फूलबाग में सोमवार शाम को फलमंडी और सब्जी मंडी में भीषण आग लग गई, जिसमें सारी दुकानें, ठेले, साइकिल और माल पूरी तरह जलकर राख हो गए। रातभर पीड़ित परिवार खुली आसमान के नीचे छोटे-छोटे बच्चों सहित सड़क पर ही गुजारने को मजबूर रहे। मंगलवार सुबह से वे राख के ढेर में कुछ भी बचा हो, इस उम्मीद में सामान तलाशते रहे, लेकिन सब कुछ स्वाहा हो चुका था। मंगलवार शाम को अचानक मौसम बिगड़ने से इन मुसीबत में घिरे परिवारों की परेशानी और बढ़ गई।

पीड़ितों ने बताया कि दिनभर की कमाई जो दुकानों में रखी थी, वह भी जलकर नष्ट हो गई। बड़े पैमाने पर फल-सब्जी का स्टॉक और ठेले भी आग की भेंट चढ़ गए। फूलबाग में झोपड़ियों में रह रहे करीब 20 परिवार तो पूरी तरह बर्बाद हो गए। कुल 32 परिवार इस अग्निकांड से पूरी तरह प्रभावित हुए हैं। एक बुजुर्ग मां ने अपनी बेटी की शादी के लिए महज एक दिन पहले ही खरीदारी की थी, जो आग में जल गई। कुछ परिवार ऐसे भी हैं जिनके पास पहनने के लिए कपड़े तक नहीं बचे। 

kl

मुआवजे की मांग को लेकर आंदोलन की तैयारी

मंगलवार को उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष वी.एस. गुप्ता के निर्देश पर कानपुर मंडल अध्यक्ष सिद्धार्थ काशीवार ने पीड़ित व्यापारियों और उनके परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने अग्निकांड को प्रशासन की लापरवाही बताते हुए कहा कि लोगों की जिंदगी भर की कमाई राख हो गई। किसी की बेटी की शादी तय है तो किसी को बच्चों की फीस जमा करनी थी।

सिद्धार्थ काशीवार ने मांग की कि प्रत्येक प्रभावित दुकानदार को 2 लाख 75 हजार रुपये का मुआवजा दिया जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने घोषणा की कि पीड़ित परिवारों के साथ मिलकर आंदोलन किया जाएगा। बुधवार को व्यापार मंडल मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर औपचारिक रूप से संघर्ष शुरू करेगा। इस मौके पर संगठन मंत्री आनंद गुप्ता, नरेश कठेरिया, अजय प्रकाश तिवारी, अजय श्रीवास्तव (शीलू), जितेंद्र गिरि, दिलीप सिंह, राम शंकर राय, विनोद अवस्थी, प्रीति सोनकर आदि उपस्थित रहे।

आग से प्रभावित प्रमुख परिवार...

आग से प्रभावित प्रमुख परिवारों में सोनी चौरसिया, राम दुलारी, राज कुमार कश्यप, सुमन, दीपक अमित, प्रहलाद, शिवशंकर सैनी, रमेश वर्मा, रेनू जायसवाल, कमला मिश्रा, विशाल मिश्रा, राजेश तिवारी, सचिन, विजय, राम कुमार गुप्ता, माया देवी, नकछेद, बउवन, विकास, राजू, किरन, कपिल, मैना देवी, सत्यप्रकाश मौर्या, ओमप्रकाश कश्यप आदि शामिल हैं।

संबंधित समाचार