आईजीआरएस: बरेली प्रदेश में लगातार चौथी बार नंबर वन, शिकायतों के निस्तारण में आगे

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। बरेली पुलिस ने जन शिकायतों के निस्तारण के मामले में प्रदेश में लगातार चौथी बार प्रथम स्थान प्राप्त किया है। आईजीआरएस रैंकिंग के अनुसार मार्च में जिला पुलिस शिकायत निस्तारण में सबसे आगे रही।

एसएसपी एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि आईजीआरएस पोर्टल पर आने वाली शिकायतों का शासन स्तर पर हर माह मूल्यांकन किया जाता है। बरेली पुलिस सभी शिकायतों का तय समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करते हुए प्रदेश में नंबर वन बनी हुई है। जिले के 28 थानों ने भी शिकायतों के संतोषजनक निस्तारण में बेहतर प्रदर्शन किया। मार्च में बरेली पुलिस ने सभी आईजीआरएस संदर्भों का समय से पहले निस्तारण किया। 

इस माह में खास बात यह रही कि एक भी शिकायत डिफाल्टर नहीं हुई, जो इस उपलब्धि की सबसे बड़ी वजह बनी। मार्च में कुल 1108 शिकायतों पर फीडबैक लिया गया। इनमें से 1071 आवेदकों ने बरेली पुलिस की कार्रवाई पर संतोष जताया। आवेदकों का पुलिस से संतुष्टि का प्रतिशत 96.66 रहा। 1087 आवेदकों ने बताया कि संबंधित पुलिस अधिकारी ने उनसे संपर्क किया। 98.10 प्रतिशत मामलों में शिकायतकर्ताओं से सीधा संवाद स्थापित किया गया। शिकायतकर्ताओं से संवाद को प्राथमिकता दी गई, जिससे विश्वास बढ़ा। एसएसपी अनुराग आर्य ने इस उपलब्धि पर सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि आगे भी इसी तरह जनसेवा के प्रति समर्पण बनाए रखते हुए शिकायतों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए।

संबंधित समाचार