Moradabad: गागन पर नया पुल तैयार होने पर फर्राटा भरेंगे वाहन, 18.44 करोड़ होंगे खर्च

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। गागन नदी पर 18.44 करोड़ रुपये की लागत से पूर्व में निर्मित क्षतिग्रस्त सेतु के स्थान पर नया पुल बन रहा है। इसके बन कर तैयार होने के बाद वाहन फर्राटा भर सकेंगे। उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम इसकी कार्यदायी संस्था है।

जिले में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का निर्माण कार्य चल रहा है। इसके पूरा होने पर जिले के विकास को और गति मिलेगी। जिलाधिकारी अनुज सिंह ने परियोजनाओं के कार्यों में शिथिलता पर नाराजगी भी जताई है।

गागन नदी पर पूर्व में निर्मित पुल के समानांतर निर्मित क्षतिग्रस्त पुल के स्थान पर नया सेतु, पहुंच मार्ग एवं अन्य सुरक्षात्मक कार्य कराए जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर ने बताया कि गागन नदी पर 18.44 करोड़ रुपये की लागत से नया पुल बन रहा है। जो 31 दिसंबर 2027 तक पूरा हो जाएगा। इसकी धीमी प्रगति पर उनका कहना है कि निर्धारित समय सीमा में इसका कार्य पूरा कराया जाएगा। वर्तमान में कार्य की भौतिक प्रगति 38 प्रतिशत है। इस कार्य को गति देने के लिए जिलाधिकारी के निर्देश पर मैनपावर भी बढ़ाया जा रहा है।

अन्य परियोजनाएं भी जिले के विकास में अहम
वहीं डॉ भीमराव अंबेडकर पुलिस अकादमी की क्षमता दोगुना करने में अनावासीय भवन का निर्माण कार्य भी गतिमान है। जो 31 मई तक पूरा किया जाना है। इसकी भौतिक प्रगति 71 प्रतिशत है। इसके अलावा नवीन थाना सोनकपुर में अनावासीय भवनों का निर्माण भी कराया जा रहा है। ग्राम पंचायत रतनपुर कला में ग्रामीण स्टेडियम एवं ओपन जिम निर्माण, गन्ना किसान संस्थान प्रशिक्षण केंद्र मुरादाबाद में प्रशासनिक, भवन छात्रावास, आवासीय भवन का निर्माण कार्य, थाना बिलारी में प्रशासनिक भवन के साथ ही मुख्यमंत्री अभ्युदय कंपोजिट विद्यालय आदि बनकर तैयार होने पर जिले में विकास का पहिया और तेजी से घूमेगा।

संबंधित समाचार