WB Election 2026: ममता बनर्जी ने किया भवानीपुर सीट से नामांकन दाखिल, भारी समर्थन के बीच पैदल मार्च कर पहुंची सर्वे बिल्डिंग
कोलकाता । पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भवानीपुर विधानसभा सीट से अपना नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए कालीघाट स्थित अपने आवास से रवाना हुईं। इस दौरान उनके साथ समर्थकों की भारी भीड़ मौजूद थी जो उनके समर्थन में नारे लगा रही थी। अपने चिर परिचित मुस्कान के साथ हाथ जोड़कर बनर्जी ने सड़क के दोनों ओर कतार में खड़े पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों का अभिवादन किया।
इस दौरान वह लगभग 800 मीटर चलकर अलीपुर सर्वे बिल्डिंग पहुंचीं जहां नामांकन पत्र दाखिल किए जाने हैं। रोड शो के दौरान तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने ''ममता बनर्जी जिंदाबाद'' और ''तृणमूल जिंदाबाद'' के नारे लगाए। भवानीपुर से तीन बार विधायक रह चुकीं बनर्जी का मुकाबला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी से होगा।
जिन लोगों द्वारा उनके नामांकन पत्रों पर हस्ताक्षर करने की संभावना है उनमें कोलकाता के महापौर और वरिष्ठ मंत्री फिरहाद हाकिम की पत्नी रूबी हाकिम, वार्ड 71 के तृणमूल कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष बबलू सिंह और भवानीपुर शिक्षा सोसायटी के मिराज शाह शामिल हैं।
तृणमूल कांग्रेस बनर्जी के रोड शो और नामांकन दाखिल करने को भवानीपुर में बंगाल की बहुलवादी संस्कृति के राजनीतिक संदेश के रूप में पेश कर रही है। यह एक ऐसा निर्वाचन क्षेत्र है जहां गुजराती व्यापारी, बंगाली परिवार, पंजाबी परिवार और मुस्लिम निवासी दशकों से साथ-साथ रहते आए हैं।
