सीतापुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: पांच बदमाश गिरफ्तार, लखनऊ से किडनैप व्यक्ति को कराया आजाद 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

सीतापुर। उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में नगर कोतवाली पुलिस ने व्हाट टीम एवं सर्विलांस टीम की मदद से अपहरण के एक मामले का खुलासा करते हुए पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर अपहृत व्यक्ति को सकुशल बरामद किया है। पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर विनायक भोसले ने गुरुवार को बताया कि बहराइच जनपद के मोहल्ला काजीपुरा दक्षिण निवासी इमरान का बुधवार को लखनऊ से अपहरण कर लिया गया था। 

अपहरणकर्ता विभिन्न जिलों से होते हुए सीतापुर पहुंच गए थे और परिजनों से पांच लाख रुपये की फिरौती मांग रहे थे। सूचना मिलने पर पुलिस ने सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की सहायता से गुरुवार को आरएमपी ग्राउंड के पास घेराबंदी कर कार्रवाई की। इस दौरान अपहृत इमरान को आरोपियों के चंगुल से मुक्त कराते हुए पांचों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया। 

गिरफ्तार आरोपियों में मोहित मिश्रा (थाना ठाकुरगंज, लखनऊ), नागेंद्र मिश्रा, अखिलेश कश्यप और विक्की मिश्रा (सभी निवासी बड़ा गांव, थाना महोली, सीतापुर) तथा मनीष गोस्वामी (कोतवाली देहात, जनपद गोंडा) शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक तमंचा, पांच मोबाइल फोन और अपहरण में प्रयुक्त हुंडई कार बरामद की है। पुलिस ने बताया कि सभी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है तथा मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही घटना के अन्य पहलुओं की भी गहन जांच जारी है।

ये भी पढ़ें : 
यूपी में बढ़ेगा तापमान: कमजोर पड़ रहा है पश्चिमी विक्षोभ का असर, जानिए कैसा रहेगा लखनऊ-कानपुर समेत इन जिलों का हाल 

संबंधित समाचार