बाराबंकी : पीएम मोदी पर टिप्पणी करने से सपा विधायक को रोकना पड़ा भारी, जनसभा में सैन्यकर्मी की पिटाई
बाराबंकी, अमृत विचार। सपा विधायक की जनसभा में पीएम मोदी को लेकर की गई टिप्पणी का विरोध करने पर एक सैन्यकर्मी की पिटाई कर दी गई। किसी तरह खुद को बचाकर निकले जवान ने पुलिस को तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है। सतरिख थाना क्षेत्र के हांसेमऊ मजरे असैनी गांव निवासी फौजी विकास दीप ने पुलिस से की गई शिकायत में बताया कि वह भारतीय सेना में कार्यरत हैं और इन दिनों छुट्टी पर अपने घर आया हुआ है। आरोप है कि गुरुवार को गांव में सपा के सदर विधायक सुरेश यादव द्वारा एक जनसभा आयोजित की गई थी।
सभा के दौरान विधायक द्वारा देश के प्रधानमंत्री के खिलाफ कथित रूप से आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया गया। पीड़ित के अनुसार उन्होंने शांतिपूर्ण तरीके से इसका विरोध करते हुए माइक लेकर ऐसी भाषा के प्रयोग को अनुचित बताया। इसी बात से नाराज होकर विधायक के साथ मौजूद कार्यकर्ताओं ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
पीड़ित का कहना है कि उन्हें लात-घूंसों से बुरी तरह पीटा गया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आई। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर उनकी जान बचाई। पीड़ित ने खुद को शारीरिक और मानसिक रूप से आहत बताया और सपा विधायक सुरेश यादव व उनके कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। फिलहाल तहरीर पाकर पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
