UP News: गंगा एक्सप्रेस-वे पर रोजाना चलने वालों को राहत, ट्रिप पास दिखाकर भर सकेंगे फर्राटा

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

संभल, अमृत विचार। गंगा एक्सप्रेसवे पर नियमित यात्रा करने वाले हजारों लोगों के लिए राहत भरी खबर है। मेरठ से बदायूं तक तैयार किए गए 129.7 किलोमीटर लंबे एक्सप्रेसवे पर अब रोजाना आवाजाही करने वाले यात्रियों को बार-बार टोल चुकाने की झंझट से छुटकारा मिलेगा। उत्तर प्रदेश एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) ने ऐसे यात्रियों के लिए विशेष 20 ट्रिप पास सुविधा लागू करने का फैसला लिया है। इससे नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों, ट्रांसपोर्ट कारोबारियों और रोजाना सफर करने वाले वाहन चालकों को आर्थिक राहत मिलने के साथ-साथ यात्रा भी अधिक सुविधाजनक हो जाएगी।

अलग-अलग श्रेणियों के लिए जारी होगा पास
यूपीडा द्वारा जारी व्यवस्था के अनुसार मेरठ के बिजौली से बदायूं के नगला बाराह तक पूरे रूट पर 20 एकतरफा यात्राओं के लिए अलग-अलग श्रेणी के वाहनों हेतु विशेष पास जारी किए जाएंगे। कार, जीप और हल्के मोटर वाहनों के लिए यह पास 6970 रुपये में उपलब्ध होगा। वहीं हल्के कमर्शियल वाहन एवं मिनी बस संचालकों को 10940 रुपये चुकाने होंगे। भारी बसों और ट्रकों के लिए पास की कीमत 22035 रुपये निर्धारित की गई है। इसके अलावा भारी निर्माण मशीनों जैसे जेसीबी आदि के लिए 33645 रुपये तथा सात या उससे अधिक एक्सल वाले बड़े ट्रेलरों के लिए 43425 रुपये का पास बनाया जाएगा। 

व्यापारियों और नौकरी पेशा लोगों को मिलेगी राहत
दोपहिया, तिपहिया और ट्रैक्टर चालकों को भी राहत देते हुए 3485 रुपये में पास सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। अधिकारियों के मुताबिक यह व्यवस्था खासतौर पर उन लोगों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है, जो प्रतिदिन व्यापार, नौकरी, शिक्षा, परिवहन या अन्य जरूरी कार्यों के लिए एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल करेंगे। इससे यात्रा का समय कम होगा और टोल प्लाजा पर लगने वाली भीड़ भी घटेगी। माना जा रहा है कि इस सुविधा से सबसे अधिक फायदा ट्रांसपोर्ट सेक्टर, कारोबारी वर्ग और रोजाना अप-डाउन करने वाले कर्मचारियों को मिलेगा।

डिजिटल होगी व्यवस्था
यूपीडा अधिकारियों का कहना है कि एक्सप्रेसवे पर पूरी तरह आधुनिक और डिजिटल टोल व्यवस्था लागू की जाएगी। पूरे रूट पर नौ टोल प्लाजा बनाए गए हैं, जहां फास्टैग आधारित प्रणाली से शुल्क वसूला जाएगा। इससे यात्रियों को लंबी कतारों और अनावश्यक देरी से राहत मिलेगी। वर्ष 2026-27 के लिए तय की गई टोल दरों के अनुसार कार चालकों को मेरठ से बदायूं तक एक तरफ की यात्रा के लिए 435 रुपये टोल देना होगा, जबकि 24 घंटे के भीतर वापसी करने पर 695 रुपये का शुल्क लिया जाएगा। जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल ने कहा कि यूपीडा की ओर से तय की गई टोल दरों और पास सुविधा को पारदर्शी तरीके से लागू कराया जाएगा।

 

संबंधित समाचार