यूपी में इनोवेशन से हजारों युवा बने उद्यमी : ‘सीएम युवा’ योजना बनी गेमचेंजर, 10 हजार से अधिक इनोवेटिव स्टार्टअप
लखनऊ, अमृत विचार: प्रदेश में युवाओं के बीच उद्यमिता का नया दौर शुरू हो चुका है। योगी आदित्यनाथ सरकार की ‘सीएम युवा’ पहल ने प्रदेश में स्टार्टअप इकोसिस्टम को जमीनी स्तर पर मजबूत करते हुए इनोवेशन आधारित कारोबार को नई गति दी है। यही वजह है कि अब युवा नौकरी तलाशने के बजाय खुद रोजगार सृजित करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
प्रदेश में अब तक 10 हजार से अधिक इनोवेटिव उद्यम स्थापित हो चुके हैं, जो इस बात का संकेत है कि युवाओं का झुकाव तेजी से नए और तकनीक आधारित क्षेत्रों की ओर बढ़ रहा है। अधिकारियों के अनुसार, कुल स्थापित उद्यमों में करीब 10 प्रतिशत इनोवेटिव मॉडल पर आधारित हैं, जिसे चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में 25 प्रतिशत तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
नीतिगत समर्थन, बैंकिंग सहयोग और प्रशिक्षण तंत्र के बेहतर समन्वय ने इस बदलाव को गति दी है। ‘सीएम युवा’ योजना के तहत युवाओं को न केवल वित्तीय सहायता मिल रही है, बल्कि उन्हें बाजार, तकनीक और बिजनेस मॉडल की समझ भी दी जा रही है, जिससे स्टार्टअप टिकाऊ बन रहे हैं।
इस पूरी प्रक्रिया में बैंकिंग सेक्टर की भूमिका निर्णायक रही है। उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक ने 2133 इनोवेटिव उद्यमों को वित्तपोषित कर सबसे आगे स्थान बनाया है। इसके अलावा एसबीआई (1549), बीओबी (1170), पीएनबी (1018) समेत अन्य बैंकों ने भी बड़े पैमाने पर ऋण देकर युवाओं के सपनों को हकीकत में बदलने में मदद की है।
नए सेक्टरों में बढ़ा भरोसा, बदल रही सोच
प्रदेश में स्टार्टअप का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। पारंपरिक दुकानों या छोटे कारोबार से आगे बढ़कर युवा अब फूड टेक, डिजिटल सर्विस, ऑनलाइन एजुकेशन और हेल्थ सर्विस जैसे क्षेत्रों में कदम रख रहे हैं। फूड और रेस्टोरेंट सेक्टर में सर्वाधिक 763 उद्यम स्थापित होना इस बदलाव का बड़ा संकेत है।
इसके अलावा कंप्यूटर ट्रेनिंग (370), पैथोलॉजी सैंपलिंग (260), फास्ट फूड (253), फ्रेंचाइजी मॉडल (253) और ऑनलाइन टीचिंग (189) में भी तेजी देखी जा रही है। जिम, मोबाइल आईटी प्लेटफॉर्म, ट्रैवल एंड टूरिज्म और क्लाउड किचन जैसे उभरते क्षेत्रों में भी युवाओं की सक्रियता बढ़ी है, जो यह दर्शाता है कि स्टार्टअप अब केवल शहरों तक सीमित नहीं, बल्कि छोटे शहरों और कस्बों तक फैल रहा है।
जिलों में प्रतिस्पर्धा, लखनऊ सबसे आगे
जनपदवार आंकड़ों में राजधानी लखनऊ 287 इनोवेटिव उद्यमों के साथ शीर्ष पर है। इसके बाद आजमगढ़ (286) और हरदोई (262) दूसरे व तीसरे स्थान पर हैं। जौनपुर, अंबेडकर नगर, कानपुर, वाराणसी और रायबरेली जैसे जिले भी तेजी से इस दौड़ में आगे बढ़ रहे हैं।
