केशव मौर्य बोले- राहुल गांधी ऐसे बच्चे की तरह जो खिलौना न मिलने पर उसे तोड़ने की फिराक में रहते हैं

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कांग्रेस नेता और सांसद राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उनकी तुलना एक ऐसे बच्चे से की है जो खिलौना न मिलने पर उसे तोड़ने की फिराक में रहता है। केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट कर कहा कि कांग्रेस को बिना हिचक यह स्वीकार कर लेना चाहिए कि जनता की उम्मीद और भरोसे का दूसरा नाम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हैं और उनका कोई विकल्प नहीं है। 

उपमुख्यमंत्री ने पोस्ट में लिखा, ''कांग्रेस को बिना किसी हिचक यह स्वीकार करने में गुरेज नहीं करना चाहिए कि जनता की उम्मीद व भरोसे का दूसरा नाम हैं यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी। उनका कोई विकल्प नहीं है।'' राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए मौर्य ने कहा कि लगातार 12 साल से जनता का विश्वास हासिल करने में नाकाम कांग्रेस नेता विदेशी टूलकिट गैंग के जरिए देश को अराजकता में धकेलने का मंसूबा पाले हैं। उन्होंने आगे लिखा, ''दरअसल, आज राहुल जी की स्थिति उस बच्चे की तरह है, जो खिलौना न मिलने पर उसे तोड़ने की फिराक में रहता है।''  

राहुल-अजय राय के पुतला दहन के विरोध में सड़क पर उतरे कांग्रेसी

वाराणसी : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय का पुतला फूंके जाने के विरोध में सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ नारेबाजी की।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन के दौरान कुछ छायाचित्रों को भी जलाया। प्रदर्शन में शामिल नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा लोकतांत्रिक मर्यादाओं को तार-तार कर रही है और विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि भाजपा द्वारा राहुल गांधी और अजय राय का पुतला दहन कर कांग्रेस नेतृत्व का अपमान किया गया है, जिसका जवाब कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक तरीके से दिया है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसी भी प्रकार की राजनीतिक प्रताड़ना या दमन से डरने वाली नहीं है और जनता के मुद्दों को लेकर सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जनता के मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए इस तरह के राजनीतिक हथकंडे अपना रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब है, महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ रहे हैं, युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है तथा महंगाई लगातार आम लोगों की परेशानियां बढ़ा रही है। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी (एसडीएम) को सौंपा। 

संबंधित समाचार