Varanasi News: वाराणसी पुलिस आयुक्त की सख्त कार्रवाई, 13 पुलिस अधिकारी निलंबित

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

वाराणसीः पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल ने गुरुवार रात को पुलिसकर्मियों द्वारा कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर एक निरीक्षक समेत 12 उपनिरीक्षकों को निलंबित कर दिया। साथ ही इनके विरुद्ध विभागीय जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं।

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने थाना कैंट, शिवपुर एवं लालपुर-पाण्डेयपुर के निरीक्षक एवं उपनिरीक्षकों के कार्य-प्रदर्शन की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान लंबित विवेचनाओं, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य संकलन, बीडब्ल्यू/एनबीडब्ल्यू की तामील एवं गिरफ्तारी, बिना नंबर वाले वाहनों की सीजिंग तथा विपरीत दिशा में चलने वाले वाहनों पर की गई कार्रवाई की स्थिति का गहन परीक्षण किया गया। अर्दली रूम में लंबित विवेचनाओं और कार्य में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर एक निरीक्षक समेत 12 उपनिरीक्षकों का प्रदर्शन अत्यंत खराब पाया गया।

इन अधिकारियों के पास 60 दिनों से अधिक समय से लंबित विवेचनाएं, शिकायतों का असंतोषजनक निस्तारण, एनबीडब्ल्यू गिरफ्तारी में नगण्य प्रगति तथा यातायात उल्लंघनों पर कोई प्रभावी कार्रवाई न पाए जाने पर उन्हें तत्काल निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस आयुक्त ने सख्त निर्देश दिए हैं कि कोई भी विवेचना 60 दिनों से अधिक लंबित न रहे तथा सभी प्रकरणों का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बीडब्ल्यू/एनबीडब्ल्यू वारंटों की त्वरित तामील, वांछित अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी, अवैध पार्किंग एवं अतिक्रमण के विरुद्ध सख्त कार्रवाई, क्रेन से वाहनों को हटाने तथा ट्रैफिक पुलिस के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के भी निर्देश दिए हैं। थाना कैंट से निरीक्षक संतोष पासवान, उपनिरीक्षक आशीष श्रीवास्तव, भैरव श्रीवास्तव, मुन्ना यादव, जमुना प्रसाद तिवारी, प्रवेश कुन्तल, थाना शिवपुर से उपनिरीक्षक अशोक कुमार सिंह, कोमल यादव, आशीष कुमार सिंह और थाना लालपुर-पाण्डेयपुर से उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार गुप्ता, कोमल कुमार गुप्ता, विजेन्द्र सिंह को निलंबित किया गया हैं। 

संबंधित समाचार