Lucknow News: मंडी में लगी भीषण आग, 20 से अधिक दुकानें जली, सिलेंडर में हुए धमाके
कृष्णानगर में फिनिक्स मॉल के पीछे बाराबिरवा की घटना
लखनऊ, अमृत विचार: कृष्णानगर में फिनिक्स मॉल के पीछे मंडी में गुरुवार रात एक फल की दुकान में आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटों में आकर आसपास की सब्जी, कपड़े, जूते-चप्पल और फॉस्ट फूड की दुकानें जलने लगी। धुआं और आग की लपटें देख मंडी में चीखपुकार और भगदड़ मच गयी। आग की तपिश से फॉस्ट फूड दुकानों में रखे सिलेंडर फटने से ताबड़तोड़ धमाके हुए। धमाकों की आवाज सुनकर लोग सहम गए। आग की चपेट में आने से करीब 20 से अधिक दुकानें जलकर बर्बाद हो गयी। मौके पर पहुंची दमकल की 10 गाड़ियों की मदद से करीब तीन घंटे की मशक्कत कर आग पर काबू पाया गया।
बताया जा रहा है कि फिनिक्स मॉल के पीछे बाराबिरवा में सब्जी व फल की मंडी है। दुकानदारों ने बताया कि रात करीब 10 बजे व्यापारी अपनी दुकानें बढ़ा रहे थे। इस बीच अचानक गोपाल की दुकान में शाॅर्ट सर्किट से आग लग गई। शोर होने पर दुकानदारों ने पानी फेंककर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। आग बेकाबू होते देख लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम पर सूचना दी। जब तक आग बुझाने के अन्य प्रयास तलाशते, लपटों ने दुर्गेश, सुनील, लाला, संतोष, असलम, राजेश, पम्मी व अन्य की दुकान को अपनी चपेट में ले लिया।
आग की तेज लपटें देख मंडी में अफरा-तफरी मच गई। तपिश के चलते पड़ोस स्थित फॉस्ट फूड रेस्टोरेंट में रखा सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया। आग से जूते-चप्पल, कपड़े, फल, अनाज सब्जी और मसालों की दुकानें जलने लगी। मंडी में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक की बोरियां, गत्ते और अन्य ज्वलनशील सामग्री मौजूद होने के कारण आग ने कुछ ही मिनटों में भीषण रूप धारण कर लिया। आग की सूचना मिलते ही डीसीपी साउथ अमित कुमार आनंद, एसीपी कृष्णानगर रजनीश वर्मा, इंस्पेक्टर कृष्णानगर पीके सिंह मौके पर पहुंचे। सूचना के करीब घंटे भार बाद दमकल कर्मी पहुंचे। दमकल कर्मियों ने फायर फाइटिंग शुरू की।
आग से हालात बिगड़ते देख हजरतगंज, सरोजनीनगर, बीकेटी, आलमबाग और पीजीआई फायर स्टेशन से भी गाड़ियां बुलवाई गई। करीब 10 गाड़ियों की मदद से दमकल कर्मियों ने तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। सीएफओ अंकुश मित्तल ने बताया कि मंडी में करीब 200 दुकानें हैं, जिसमें 20-25 दुकानें जली हैं। शुरुआती जांच में आग शार्ट सर्किट के कारण लगने की आशंका है। हालांकि विस्तृत जांच जारी है। व्यापारी नेता शौकत अली ने बताया कि फिलहाल 20 से 25 लाख रुपये के नुकसान का अंदाजा लगाया जा रहा है।
65 दमकलकर्मियों ने मिलकर बनायी आठ टीमें
सीएफओ ने बताया कि 65 दमकल कर्मियों ने अलग-अलग बंटकर आठ टीमें बनाई। जिसके बाद बचाव कार्य शुरु किया। सीएफओ ने बताया कि इस दौरान मेट्रो स्टेशन व होटल से पानी की मदद ली गई है। स्थानीय महिला व्यापारी पम्मी ने बताया कि आग लगने के दौरान व्यापारी दुर्गेश ने काबू पाने का प्रयास किया था, जिसमें वह चोटिल हो गए। लोगों का आरोप है कि सूचना के एक घंटे बाद दमकल कर्मी पहुंचे थे।
टट्टर तोड़कर निकाला सामान
आग की लपटों के बीच व्यापारियों ने दुकानों के टट्टर तोड़कर अंदर रखा माल निकालने की कोशिश करने लगे। कुछ दुकानदारों ने तो थोड़ा बहुत सामान निकाल लिया, लेकिन कई की नकदी और माल समेत सब कुछ जलकर बर्बाद हो गया। अपनी दुकानें जलती देख महिला व्यापारी पम्मी समेत अन्य दुकानदार रो रहे थे तो कुछ किस्मत को कोस रहे थे। आग बुझने के बाद दुकानदार अंदर पहुंचे तो सब कुछ जला हुआ मिला।
एक घंटे देर से पहुंची दमकल, हुआ हंगामा
सूचना के एक घंटे बाद दमकल के पहुंचने पर दुकानदारों ने हंगामा किया। बवाल बढ़ता देख एसीपी और इंस्पेक्टर ने दुकानदारों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद दमकल कर्मियों के साथ दुकानदार भी आग बुझाने में जुट गए। दुकानदार हौज पाइप लेकर शटर के अंदर से आग बुझाते रहे। इस दौरान एक-दो दुकानदारों को मामूली चोट भी लगी।
