Moradabaad : सुनसान सड़कों पर आवाजाही पड़ रही जान पर भारी

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

केवल नसबंदी से नहीं खत्म हो रहा स्ट्रीट डॉग्स का खतरा, लगातार हमले जारी

मुरादाबाद, अमृत विचार। स्ट्रीट डॉग्स लोगों के लिए मुसीबत बन रहे हैं। सुनसान सड़कों पर आवाजाही जान पर भारी पड़ रही है। दिन में भी मुख्य सड़कों, सार्वजनिक स्थानों यहां तक कि सरकारी अस्पताल और कार्यालयों में भी विचरण कर रहे आवारा कुत्ते लोगों पर झपट्टा मार कर उन्हें जख्मी कर रहे हैं।

नगर निगम के द्वारा आवारा कुत्तों के पकड़ने के अभियान में उन्हें ले जाकर नसंबदी करने के तीन दिन बाद फिर उसी क्षेत्र में छोड़ दिया जाता है, जहां से उन्हें पकड़ा गया था। इससे उनकी जनसंख्या नियंत्रण के प्रयास हो रहे हैं लेकिन खूंखार कुत्तों पर प्रभावी अंकुश नहीं लग रहा है। नगर निगम की ओर से कुत्तों के पकड़ने के अभियान के अलावा उनको निवाला देने वालों पर भी सख्ती करने की बात कही जा रही है। क्योंकि निगम प्रशासन का मानना है कि खाद्य सामग्री के लालच में कुत्ते कॉलोनियों व अन्य सार्वजनिक स्थानों पर विचरण करते हैं। इसे देखते हुए निगम प्रशासन ने कहा है कि खुली जगहों पर स्ट्रीट डॉग्स को निवाला न दिया जाए। इसके लिए नगर निगम ने चार स्थानों फीडिंग सेंटर बनाया गया है। जहां निगम की ओर से उन्हें भोजन दिया जाता है साथ ही कोई भी व्यक्ति यहां लाकर खाद्य सामग्री डाल सकता है। लेकिन आवारा कुत्तों के काटने से जख्मी लोगों को सीधे राहत के नाम पर कोई प्रयास नहीं हो रहा है। जिससे आए दिन कुत्तों, बंदरों के काटने से जख्मी होकर जिला अस्पताल में 70-100 पीड़ित एआरवी का इंजेक्शन लगवाने पहुंच रहे हैं। इसमें हर आयु वर्ग के लोग हैं। खूंखार कुत्तों के चलते कई बार लोगों की जान भी जा रही है। ऐसे कुत्तों के अचानक झपटने पर लोग भागकर खुद को सुरक्षित करने के प्रयास में चोटिल हो रहे हैं। सड़कों और बाजारों में भी कई बार हादसे हो चुके हैं। नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल का कहना है कि आवारा कुत्तों की आबादी नियंत्रित करने के लिए उन्हें पकड़कर बंध्याकरण कराया जाता है। साथ ही भोजन के लालच में सड़कों व कॉलोनियों में विचरण कर रहे कुत्तों को सीमित करने के लिए चार फीडिंग सेंटर निर्धारित है। लोगों से अपील है कि वह निर्धारित स्थान पर लाकर ही कुत्तों के लिए खाद्य सामग्री दें।

इन चार स्थानों पर बने हैं फीडिंग सेंटर
नगर निगम ने भोजन के लालच में स्ट्रीट डॉग्स पर अंकुश लगाने के लिए महानगर के चार स्थानों कटघर में दो जगह और मझोला क्षेत्र के रामलीला मैदान और सदर तहसील के पास हिमगिरि में फीडिंग सेंटर खोला है।

संबंधित समाचार