गोंडा : टूटकर गिरा बिजली का हाईटेंशन तार, युवक की दर्दनाक मौत, अधिशासी अभियंता व मुख्य अभियंता के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

जिला जज व डीएम एसपी ने घटना पर जताया दु:ख, मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश

गोंडा, अमृत विचार: जिले के पथवलिया पोर्टरगंज क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक हृदयविदारक हादसे में युवा पत्रकार रंजीत तिवारी की मौत हो गई। वह एक दैनिक अखबर का से भी जुड़े हुए थे। घटना ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली और लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

बताया जा रहा है कि रंजीत तिवारी के घर के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन लंबे समय से जर्जर अवस्था में थी। इसे हटवाने के लिए वह कई वर्षों से बिजली विभाग के अधिकारियों के चक्कर काट रहे थे, लेकिन उनकी शिकायतों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे तारों में अचानक स्पार्किंग शुरू हो गई।

चिंगारी निकलती देख रंजीत घर के पीछे खेल रहे बच्चों को सचेत करने पहुंचे। वह बच्चों को सुरक्षित स्थान पर जाने के लिए कह ही रहे थे कि अचानक जर्जर तार टूटकर उनके ऊपर गिर गया। करंट की चपेट में आने से वह तार में बुरी तरह उलझ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही जिला जज दुर्ग नारायण सिंह, जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन, पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक के परिजनों ने बिजली विभाग के अधिकारियों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। मृतक के भाई अमरदीप की तहरीर पर पुलिस ने अवर अभियंता, अधिशासी अभियंता और मुख्य अभियंता के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।

वहीं जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए चार सदस्यीय टीम गठित कर मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होते ही दोषी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।

संबंधित समाचार