Moradabad Weather News : आसमान से बरस रही आग, दिन चैन से गुजरा न रात ! पारा 42 डिग्री के पहुंचा पार

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। हर दिन तापमान बढ़ने से सूरज आग उगल रहा है। दोपहर में 41 डिग्री सेल्सियस तापमान की भीषण गर्मी में लू के थपेड़ों ने लोगों को झुलसाया। सड़क पर मानों लपटें निकल रही थी। लू से बचने के लिए सभी प्रयास निरर्थक साबित हो रहे थे। गर्मी और लू ने लोगों को पसीने से लथपथ कर दिया। आने वाले दिनों में तापमान बढ़कर 44 डिग्री सेल्सियस से भी अधिक होने का अनुमान मौसम विभाग ने जताया है।

लू की मार पड़ रही भारी
भीषण गर्मी और लू की मार जनजीवन पर भारी पड़ रही है। घरों से बाहर निकलने लोगों के द्वारा बचाव के सभी उपाय निरर्थक साबित हो रहे हैं। हेलमेट लगाने के दौरान पसीने से लथपथ होने पर लोग उसे निकालने को मजबूर हो रहे हैं। बाजार में दोपहर में चहल-पहल काफी कम रही। कार्यस्थलों पर भी लोगों की जुबान पर बस ऊफ ये गर्मी के चर्चे थे। घर, प्रतिष्ठान व कार्य स्थलों पर बिजली गुल होने पर थोड़े ही देर में लोग पसीने से तर-बतर होते रहे। उष्ण हवा के चलते लू ने गर्मी में लोगों को और बेदम कर दिया। राहत के लिए लोगों ने शिकंजी, नारियल पानी, कोल्ड ड्रिंक्स आदि का सेवन किया।

बीमारियों शुरू किया घेरना
वहीं दूसरी ओर भीषण गर्मी जहां लोगों की कार्यक्षमता प्रभावित कर रही है, उन्हें बीमार भी बना रही है। तेज धूप व लू लगने से लोगों को चक्कर आने, बुखार, उल्टी दस्त, पेट दर्द, सांस फूलने और डिहाइड्रेशन (निर्जलीकरण) की समस्या बढ़ रही है। जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या अचानक बढ़ने से व्यवस्था प्रभावित हुई। चिल्ड्रेन वार्ड में बीमार बच्चों की संख्या के आगे बेड कम पड़ रहे हैं। 

पूरी रात गर्मी ने किया बेचैन
शनिवार को अधिकतम तापमान 41 और न्यूनतम 30.6 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमाान भी बढ़ने से पूरी रात लोग गर्मी व पसीने से बेचैन हो रहे हैं। पंखे बेमतलब साबित हो रहे हैं। बिजली गुल होने पर कूलर व एयरकंडीशनर बंद होते ही लोगों की मानों जान निकल जा रही है। बच्चों और बुजुर्गों के साथ हर उम्र के लोग गर्मी से व्याकुल हो रहे हैं। 25 मई को तापमान 42 डिग्री के पार पहुंचने का अनुमान जताया गया है। अभी गर्मी से राहत के आसार नहीं हैं।

 

संबंधित समाचार