बच्चों की सुरक्षा को लेकर बहराइच प्रशासन सख्त, स्कूली वाहनों की जांच अभियान तेज

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बहराइच। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए स्कूल वाहनों की जांच अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में शुक्रवार को एआरटीओ ओम प्रकाश सिंह ने यात्री कर अधिकारी अवधराज गुप्ता के साथ बहराइच-गोंडा रोड स्थित सेट नॉर्वेट स्कूल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्कूल परिसर में खड़े वाहनों की फिटनेस, दस्तावेजों और सुरक्षा मानकों की गहन जांच की गई। 

एआरटीओ ने स्पष्ट निर्देश दिया कि बिना विद्यालय से विधिवत संबद्ध कोई भी वाहन बच्चों का परिवहन नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा से जुड़ी किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जांच में कई वाहनों में सुरक्षा मानकों की कमी पाए जाने पर अधिकारियों ने नाराजगी जताई और सभी स्कूल वाहनों में सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा प्रत्येक सीट पर सीट बेल्ट सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। 

छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह भी निर्देशित किया गया कि जिन वाहनों में बच्चियां यात्रा करती हैं, उनमें स्कूल का कोई जिम्मेदार कर्मचारी या महिला स्टाफ अनिवार्य रूप से मौजूद रहेगा। एआरटीओ ने चेतावनी दी कि नियमों का पालन न करने वाले वाहनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी, जिसमें वाहन सीज करने, चालान काटने और परमिट निरस्त करने तक की कार्रवाई शामिल होगी। 

उन्होंने स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों से भी अपील की कि बच्चों को केवल उन्हीं वाहनों में भेजें, जो सभी सुरक्षा मानकों का पालन करते हों। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद जिले में वाहन संचालकों में हड़कंप है और आने वाले दिनों में अभियान और तेज किए जाने के संकेत दिए गए हैं। 

संबंधित समाचार