लखनऊ : बीबीएयू में अंबेडकर जयंती कार्यक्रम में शामिल होंगे पूर्व राष्ट्रपति राम कोविंद

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

लखनऊ। लखनऊ स्थित बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर केंद्रीय विश्वविद्यालय (बीबीएयू) में 11 से 14 अप्रैल तक 'भारतरत्न बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर जयंती' एवं विश्वविद्यालय स्थापना दिवस मनाया जाएगा। इस बार 13 अप्रैल को भारत के पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होकर विद्यार्थियों को संबोधित करेंगे। 

शुक्रवार को विवि में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस के दौरान विवि के कुलपति प्रो.राज कुमार मित्तल ने बताया कि 11 अप्रैल को महात्मा ज्योतिबा फुले की 200वीं जयंती के अवसर पर 'राष्ट्रीय शिक्षा ही समावेशी विकास का आधार' विषय पर संगोष्ठी आयोजित होगी, जिसमें पूर्व राज्य शिक्षा मंत्री डॉ. संजय पासवान सहित कई शिक्षाविद भाग लेंगे।

कुलपति प्रो.राज कुमार मित्तल ने बताया कि इस वर्ष के आयोजन का मुख्य उद्देश्य समता, समरसता और समावेशी समाज के निर्माण के संकल्प को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल औपचारिक नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। कार्यक्रम में राष्ट्रीय संगोष्ठियां, सांस्कृतिक गतिविधियां और विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। 

विशेष रूप से उद्यमिता को बढ़ावा देने पर जोर दिया जाएगा, ताकि युवाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा सके। उन्होंने बताया कि 12 अप्रैल को 'समावेशी विकास, विकसित भारत का आधार' विषय पर संगोष्ठी आयोजित की जाएगी, जिसमें विभिन्न विश्वविद्यालयों के विशेषज्ञ शामिल होंगे। 14 अप्रैल को अम्बेडकर जयंती एवं स्थापना दिवस के मुख्य कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलपति द्वारा की जाएगी, जिसमें राज्य मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम मुख्य अतिथि रहेंगी। 

इस चार दिवसीय आयोजन के दौरान एक्सटेम्पोर, पोस्टर, निबंध, वाद-विवाद और रंगोली जैसी प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों में सामाजिक सरोकार, नेतृत्व क्षमता और रचनात्मकता का विकास किया जाएगा।  

संबंधित समाचार