Jaunpur Voters: मतदाता वृद्धि में जौनपुर प्रदेश में पांचवें स्थान पर, कुल 32.18 लाख मतदाता
जौनपुरः उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले ने मतदाता वृद्धि के मामले में प्रदेश में पांचवां स्थान हासिल किया है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने बताया कि जिले में कुल मतदाताओं की संख्या अब 32 लाख 18 हजार 897 हो गई है।
उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 10 अप्रैल को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) से पूर्व जिले में कुल 35 लाख 70 हजार 851 मतदाता थे, जिनमें 18 लाख 59 हजार 013 पुरुष, 17 लाख 11 हजार 692 महिला और 146 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल थे। अंतिम प्रकाशित सूची के अनुसार अब जिले में 17 लाख 32 हजार 222 पुरुष, 14 लाख 86 हजार 556 महिला तथा 119 तृतीय लिंग के मतदाता हैं, जिससे कुल संख्या 32 लाख 18 हजार 897 हो गई है।
डॉ. चंद्र ने बताया कि पुनरीक्षण के दौरान 2,89,452 मतदाता ऐसे पाए गए जिन्होंने मिलान (नो मैपिंग) नहीं कराया, जबकि 5,63,263 मतदाताओं में तार्किक विसंगतियां पाई गईं। कुल 8,52,715 नोटिस जारी किए गए, जिनमें से 27 मार्च 2026 तक 8,40,821 मतदाता सुनवाई के लिए उपस्थित हुए। उन्होंने बताया कि विशेष पुनरीक्षण के बाद मृतक, स्थानांतरित (शिफ्टेड) एवं डुप्लीकेट नामों के कारण 3,51,954 मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए।
