World Test Championship में 3 नई टीमों की एंट्री, ICC ने 2028 ओलंपिक्स के लिए भी बनाया बड़ा प्लान
दुबईः अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) क्रिकेट को और व्यापक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के फॉर्मेट में बदलाव की तैयारी चल रही है, जिसमें मौजूदा 9 टीमों की जगह 12 टीमों को शामिल किया जा सकता है।
तीन नई टीमों का इंतजार
वर्तमान में WTC में ऑस्ट्रेलिया, भारत, पाकिस्तान, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका, वेस्टइंडीज और बांग्लादेश की टीमें हिस्सा लेती हैं। अब जिम्बाब्वे, अफगानिस्तान और आयरलैंड को भी टेस्ट चैंपियनशिप में शामिल करने पर गंभीर विचार चल रहा है।
ICC की योजना है कि हर टीम को साल में 6 टेस्ट सीरीज (3 घरेलू और 3 विदेशी) खेलने का मौका मिले। इससे टेस्ट क्रिकेट को न सिर्फ नई ऊर्जा मिलेगी, बल्कि उभरती हुई क्रिकेट टीमों को भी विश्व पटल पर जगह मिल सकेगी।
2028 लॉस एंजेलिस ओलंपिक्स में क्रिकेट की वापसी
ICC 2028 लॉस एंजेलिस ओलंपिक खेलों में क्रिकेट को फिर से शामिल करने को लेकर भी पूरी तरह सक्रिय है। ओलंपिक्स में पुरुष और महिला दोनों वर्गों में केवल 6-6 टीमें ही खेलेंगी।
क्वालीफिकेशन प्रक्रिया इस प्रकार हो सकती है:
- एशिया से टॉप टीम
- यूरोप से टॉप टीम
- अफ्रीका से टॉप टीम
- प्रशांत महासागर क्षेत्र से एक टीम
- मेजबान अमेरिका को डायरेक्ट एंट्री
छठी और अंतिम टीम का फैसला ग्लोबल क्वालीफाइंग टूर्नामेंट के जरिए किया जा सकता है। ICC जल्द ही इसके लिए विस्तृत रोडमैप तैयार करने वाला है।
ICC की अगली त्रैमासिक बैठक में इन प्रस्तावों पर अंतिम फैसला होने की संभावना है। हालांकि, मार्च में दोहा में प्रस्तावित बैठक मध्य-पूर्व की स्थिति के कारण स्थगित कर दी गई थी और वर्चुअल मीटिंग के बाद अब तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
यह बदलाव टेस्ट क्रिकेट को मजबूत करने के साथ-साथ क्रिकेट को वैश्विक स्तर पर और लोकप्रिय बनाने की ICC की बड़ी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।
