Uttrakhand: वीकेंड पर हल्द्वानी-काठगोदाम में विशेष ट्रैफिक प्लान लागू
हल्द्वानी, अमृत विचार। वीकेंड के दौरान पर्यटकों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए 11 और 12 अप्रैल को हल्द्वानी-काठगोदाम क्षेत्र में विशेष यातायात एवं डायवर्जन प्लान लागू किया गया है। यह व्यवस्था प्रतिदिन सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक प्रभावी रहेगी।
प्रशासन के अनुसार इस अवधि में यात्रा रूट पर भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। पर्वतीय क्षेत्रों से हल्द्वानी आने वाले भारी मालवाहक वाहनों को सुबह 6 बजे से रात 9 बजे तक जनपद सीमा पर ही रोका जाएगा। वहीं, जनपद के भीतर मौजूद वाहनों को भीमताल एचएमटी क्षेत्र, सलड़ी चौकी, अमृतपुर मोड़ और मैगी प्वाइंट के पास पार्क कराया जाएगा। मैदानी क्षेत्रों से पहाड़ की ओर जाने वाले भारी वाहनों को गोलापार स्थित पुराने आरटीओ फिटनेस सेंटर और खेड़ा चौकी के पास रोका जाएगा। बरेली रोड से आने वाले पर्यटक और मालवाहक वाहन तीनपानी फ्लाईओवर से गौलापार रोड होते हुए नारीमन तिराहा के रास्ते आगे बढ़ेंगे।
रुद्रपुर की ओर से आने वाले वाहन पंतनगर तिराहा-दिनेशपुर मोड़ से एनएच-109 के जरिए पंतनगर-लालकुआं होते हुए तीनपानी फ्लाईओवर और गौलापार रोड से नारीमन तिराहा पहुंचेंगे। वहीं रामनगर, बाजपुर और कालाढूंगी से आने वाले वाहनों को कालाढूंगी-नैनीताल तिराहा से मंगोली की ओर डायवर्ट किया जाएगा। अत्यधिक दबाव की स्थिति में एलपीजी वाहनों को छोड़कर आवश्यक सेवाओं से जुड़े भारी वाहनों (सब्जी, ईंधन, दूध आदि) का संचालन भी दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक प्रतिबंधित रहेगा।
11 अप्रैल को हल्द्वानी-काठगोदाम से पर्वतीय क्षेत्र की ओर जाने वाले सभी वाहनों को भीमताल तिराहा से भुजियाघाट-ज्योलिकोट मार्ग से भेजा जाएगा। वहीं 12 अप्रैल को दोपहर 3 बजे से रात 9 बजे तक भवाली मस्जिद तिराहा और नैनीताल से मैदानी क्षेत्र की ओर आने वाले वाहनों को रूसी बाईपास मार्ग से मंगोली होते हुए कालाढूंगी के रास्ते डायवर्ट किया जाएगा।
