Moradabad: मौसम ने दिखाया तेवर, चटख धूप से चढ़ा तापमान
मुरादाबाद, अमृत विचार। दो दिन आंधी बारिश के बाद चटख धूप से शुक्रवार को तापमान फिर चढ़ गया। दिन भर तेज गर्म हवा चलने से बचने के लिए लोगों ने चेहरा ढक कर दोपहिया वाहन चलाया, तो अधिकांश सन ग्लास लगाकर आंखों की सुरक्षा करते दिखे। दोपहर में बाहर निकलने वालों के हलक थोड़े ही समय में सूखते रहे। राहत के लिए लोगों ने लस्सी, नींबू पानी, गन्ने के जूस का सेवन किया।
इस सप्ताह दो दिन आंधी और बारिश के बाद शुक्रवार को मौसम ने फिर अपना तेवर दिखाया। सुबह हल्की राहत के बाद जैसे जैसे दिन चढ़ता गया सूरज की किरणों की तपिश बढ़ती गई। दोपहर में 12 बजे से लेकर शाम 4 बजे तक चटख धूप ने लोगों का पसीना निकाल दिया। गर्म हवा चलने से लू जैसा अहसास हो रहा था। इससे बचने के लिए दोपहिया वाहन चालक चेहरे को कपड़े से ढकने के साथ ही कई ने बांह को भी कवर किया था। अधिकांश युवा सनग्लास पहनकर वाहन चलाते दिखे। शाम ढलने के बाद थोड़ी राहत मिली। अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम 18.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
वहीं मौसम के बदलते रंग से लोगों की सेहत भी प्रभावित हो रही है। सर्दी, जुकाम, वायरल बुखार से अधिकांश लोग पीड़ित हैं। चिकित्सक इसकी वजह तापमान में असंतुलन बन रही है। इसको देखते हुए चिकित्सक सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं। बालरोग विशेषज्ञ डॉ. रवि गंगल ने बताया कि इन दिनों बच्चों को मौसम अधिक सता रहा है। सर्दी, जुकाम, नाक बहने, छींक आने के साथ ही पेट में दर्द और वायरल बुखार भी हो रहा है। इससे बचने के लिए सावधानी बरतनी होगी। सुबह शाम मोटे कपड़े छोटे बच्चों को जरूर पहनाएं। कोल्ड ड्रिंक्स, आइसक्रीम आदि से दूर रखें और ताजा और सुपाच्य भोजन दें।
