Moradabad: दिन भर गर्म हवा ने लोगों को किया बेदम, गर्मी से सूखने लगे हलक
मुरादाबाद, अमृत विचार। मौसम का तेवर हर दिन बदल रहा है। सुबह ठंडी हवा चली तो दिन में चटख धूप ने लोगों को बेदम किया। सूरज की तपिश से गर्म हवा ने लोगों के हलक सुखा दिए। राहत के लिए लोग छांव की तलाश करते रहे। वहीं कोल्ड ड्रिंक्स, जूस आदि का सेवन लोगों ने किया।
इस सप्ताह की शुरुआत में हुई आंधी और बारिश से जहां लोगों को नुकसान हुआ वहीं गेहूं की फसल को भी आंशिक क्षति पहुंची। मौसम ने शनिवार को फिर तेवर दिखाया। सुबह हल्की ठंडी हवा चली तो दिन चढ़ने के साथ सूरज की तपिश बढ़ती गई। दोपहर में तेज धूप के साथ चल रही गर्म हवा ने लोगों को बेदम किया। ऐसा लगा कि मानो लू चल रही है। दोपहर में लोग छांव की तलाश करते रहे। अधिकतम तापमान 32.3 और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहा। आर्द्रता 45 प्रतिशत रही।
दोपहर में चौराहों व सार्वजनिक जगहों के आसपास नारियल पानी, गन्ने के जूस का लोगों ने सेवन किया। वहीं सिविल लाइंस में लगे एक दुकान पर लोगों ने पुदीना मिले पना का सेवन कर खुद को तरोताजा किया। खरबूज, ककड़ी आदि की खरीदारी भी हुई। बच्चों ने कोल्ड ड्रिंक्स व आइसक्रीम का लुत्फ लिया। आगामी कुछ दिनों में अधिकतम तापमान बढ़कर 35-36 डिग्री सेल्सियस पहुंचने का अनुमान मौसम विभाग ने जताया है। रात का तापमान भी बढ़ेगा।
वहीं बालरोग विशेषज्ञ डॉ. रवि गंगल ने बताया कि तापमान के असंतुलन से बच्चों पर विशेष असर पड़ रहा है। वह वायरल बुखार, सर्दी, जुकाम, छींक, पेट में दर्द से पीड़ित हो रहे हैं। अभिभावकों को अपने छोटे बच्चों को सावधानी से रखने के लिए कहा है। सुबह शाम ठंडी चीजों से परहेज कराएं। कोल्ड ड्रिंक्स व आइसक्रीम से दूर रखें। सामान्य व शुद्ध पानी पिलाएं।
गर्मी और लू बचाव करेगा सफेद रूफ टॉप
अल नीनो प्रभाव से इस बार पूर्वी व पश्चिमी उत्तर प्रदेश व उत्तरी तराई क्षेत्रों में सामान्य से अधिक गर्मी पड़ेगी। साथ ही अप्रैल-मई में ही लू चलने की मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए जिले में हीट एक्शन प्लान के अनुरूप कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में लू व भीषण गर्मी से बचाने के लिए सरकारी भवनों के रूफ टाप को सफेद रंग से पेंट किया जा रहा है, जिससे तपिश से राहत मिल सके।
राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मार्गदर्शन में जिलाधिकारी अनुज सिंह ने जिले में विभागों और आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अधिकारियों को आपसी समन्वय से भीषण गर्मी और लू से बचाव के लिए सभी जरूरी उपाय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसी क्रम में सिटी हीट एक्शन प्लान के अनुसार सरकारी भवनों के रुफ टाप को सफेद पेंट कराया जा रहा है। इससे भीषण गर्मी में सूरज की तपिश व लू के समय राहत मिले। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ममता मालवीय के निर्देशन में जिला आपदा विशेषज्ञ प्रदीप सिंह सभी विभागों से कार्यों का समन्वय कर रहे हैं।
