जालौन : गुमशुदगी के मामले में लापरवाही बरतने पर तीन पुलिसकर्मी निलंबित

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

जालौन। उत्तर प्रदेश में जालौन जिले के माधौगढ़ कोतवाली क्षेत्र में गुमशुदगी के एक मामले में पुलिस की लापरवाही सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने प्रभारी निरीक्षक समेत तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। सिंह ने बताया कि पिछली 27 मार्च को ग्राम रूद्रपुरा निवासी कमल प्रताप सिंह उर्फ कुक्के के लापता होने का मामला अज्ञात के विरुद्ध दर्ज किया गया था।

आरोप है कि गुमशुदा की तलाश और बरामदगी के लिए पुलिस ने अपेक्षित स्तर पर कोई ठोस और प्रभावी प्रयास नहीं किए। इसी बीच आठ अप्रैल को कमल प्रताप सिंह का शव आरोपी रोहित याज्ञिक के बाड़े में मिट्टी के नीचे दबा हुआ बरामद हुआ। शव मिलने के बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे।

प्राथमिक जांच में कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही पाए जाने पर कोतवाली माधौगढ़ के प्रभारी निरीक्षक विकेश बाबू, उपनिरीक्षक रामऔतार तथा मुख्य आरक्षी सुनील कुमार को निलंबित कर दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आमजन की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदार अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। 

संबंधित समाचार