नारी शक्ति और जयंती कार्यक्रम का रोडमैप तैयारःबैठक में बनाई रणनीति, लोगों को जोड़ने का प्रयास

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

अयोध्या, अमृत विचार : भारतीय जनता पार्टी से आंबेडकर जयंती और नारी शक्ति वंदन अधिनियम अभियान के तहत शहर में लोगों के जुटान की तैयारी पर चर्चा की गई। 17 अप्रैल को आंबेडकर जयंती अभियान और नारी शक्ति वंदन अधिनियम अभियान के तहत पूरा बाजार ब्लॉक मैदान में नारी शक्ति सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। पार्टी कार्यालय सहादतगंज में महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने अभियान संयोजकों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की।

बताया कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम अभियान के तहत टाउन हॉल मीटिंग, नारी शक्ति सम्मेलन, पदयात्रा, हस्ताक्षर अभियान और मिस्ड कॉल के माध्यम से लोगों को जोड़ा जाएगा। महिलाओं से अधिनियम पर लेखन, बाइक व स्कूटी रैली, सांस्कृतिक कार्यक्रम, कला प्रदर्शनी, नारी शक्ति मार्च और विजय मार्च जैसे आयोजन भी किए जाएंगे। 13 अप्रैल को महानगर के 17 स्थानों पर स्थापित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं एवं परिसरों में स्वच्छता अभियान, माल्यार्पण और दीपदान कार्यक्रम आयोजित होंगे। 14 अप्रैल को आंबेडकर जयंती पर महानगर के सभी 419 बूथों पर पदाधिकारी संविधान की प्रस्तावना का वाचन करेंगे।

पार्टी कार्यालय पर संगोष्ठी में बाबा साहब के कृतित्व एवं व्यक्तित्व पर चर्चा होगी। 15 एवं 16 अप्रैल को अनुसूचित बस्तियों में घर-घर संपर्क व संवाद अभियान चलाया जाएगा। मीडिया प्रभारी अमित मिश्र ने बताया कि सभी कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए अलग-अलग संयोजक नियुक्त किए गए हैं। उन्हें जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। बैठक में शैलेन्द्र कोरी, परमानंद मिश्र, तिलकराम मौर्या, हरभजन गौड़, रीना द्विवेदी, अरविन्द सिंह, शशि प्रताप सिंह, वरुण चौधरी आदि थे।

संबंधित समाचार