यूपी के पूर्व मंत्री और भाजपा नेता हरिनारायण राजभर का निधन, 76 वर्षीय की उम्र में ली अंतिम सांस

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

बलिया। उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता हरिनारायण राजभर का रविवार को निधन हो गया। उनके परिजनों ने यह जानकारी दी। परिवार के अनुसार, 76 वर्षीय राजभर को सांस लेने में तकलीफ होने की शिकायत के बाद शनिवार रात लखनऊ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। 

राजभर के परिवार में पत्नी, तीन बेटे और पांच बेटियां हैं। राजभर का जन्म बलिया जिले के उभांव थाना क्षेत्र के तंगुनिया गांव में हुआ था। वे सियार विधानसभा सीट से 1991 और 1996 में दो बार विधायक चुने गए थे। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शारदानंद आंचल को हराया था। 

इसके अलावा, वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में वह मऊ जिले की घोसी लोकसभा सीट से सांसद भी निर्वाचित हुए थे। विधायक के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान राजभर ने कल्याण सिंह, राम प्रकाश गुप्ता और राजनाथ सिंह के नेतृत्व वाली राज्य सरकारों में राज्य मंत्री के रूप में भी कार्य किया। 

संबंधित समाचार