अयोध्या में आग का तांडव : 58 बीघा गेहूं की फसल जली, 10 परिवार बेघर

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

अयोध्या, अमृत विचार। जिले में रविवार को कई स्थानों पर आग लगने से करीब 58 बीघा गेहूं की फसल जल गई। इनायत नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ईंट गांव में आग लगने से 10 परिवारों की गृहस्थी का सामान जल गया, जिससे लाखों रुपये की क्षति का अनुमान है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग की शुरुआत गांव निवासी राम शंकर के छप्पर से हुई। देखते ही देखते धुएं का गुबार और आग की तेज लपटें उठने लगीं। तेज हवा के चलते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के छप्परों को अपनी चपेट में ले लिया।

इस अग्निकांड में राम सुमेर, राजकुमार, चंद्रभान, नईम धोबी, वीरेंद्र, रामनाथ और सावित्री सहित कई परिवारों के आशियानें जल गए। वहीं अली राजा के घर में रखा अनाज, भूसा, साइकिल और अन्य घरेलू सामान भी पूरी तरह नष्ट हो गया। दमकल टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। क्षेत्रीय लेखपाल ने क्षति का आकलन किया है। तहसील रुदौली के ग्राम चंद्रामऊ में आग की चपेट में आकर पचास बीघा गेहूं जल गया।

रविवार की दोपहर खेत में अचानक ग्रामीणों को आग की लपट दिखाई पड़ी। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलते हुए गेहूं की खड़ी लगभग पचास बीघा में फसल को चपेट में ले लिया। फायर टेंडर की मदद से आग पर काबू पा लिया। एसडीएम संतोष कुमार ने बताया कि लेखपाल को नुकसान के आकलन के निर्देश दिए गए हैं। महराजगंज थाना क्षेत्र के मयाभीखी गांव के सीवान में रविवार दोपहर अचानक लगी आग से चार किसानों के पांच बीघा गेहूं की फसल जल गई।

दोपहर लगभग डेढ़ बजे गांव निवासी कृपा शंकर तिवारी के खेत में मशीन से गेहूं की कटाई हो रही थी, तभी खेत के एक कोने में अचानक आग लग गई और देखते ही देखते शिवशंकर, प्रेम शंकर, गौरी शंकर व सुशीला देवी की लगभग पांच बीघे गेंहूं की फसल को आगोश में ले लिया। थाना प्रभारी राजेश सिंह ने बताया कि लेखपाल को सूचना दी गई है।

थाना इनायतनगर पुलिस चौकी शाहगंज अंतर्गत ग्राम पंचायत मुकीमपुर पहाड़पुर मजरा टेडवा के बाहर खेत के पास शनिवार रात करीब 10 बजे पास 11 हजार विद्युत लाइन में शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। आग लगने से गुड्डा पत्नी राजेश, निवासी मुकीमपुर पहाड़पुर की लगभग तीन बीघा कटी हुई गेहूं की फसल जल गई। पुलिस व फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया। चौकी प्रभारी शाहगंज राममूर्ति कनौजिया के अनुसार, घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।

ये भी पढ़ें : 
24 वर्षों बाद विधानसभा परिसर पहुंचे राजनाथ सिंह, विधानसभा गैलरी देख अभिभूत हुए रक्षामंत्री

 

संबंधित समाचार