Bareilly : पीलीभीत बाईपास पर ''टेन लेन'' का सफर सपना ही, टेंडर हुआ न शुरू हुआ काम 

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। पीलीभीत बाईपास को टेन लेन की हाईटेक सड़क बनाने का सपना अब महज एक ''कागजी झुनझुना'' नजर आ रहा है। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) और पीडब्ल्यूडी के बीच छिड़ी जंग और क्रेडिट लेने की होड़ ने इस महत्वपूर्ण परियोजना को फाइलों के मकड़जाल में उलझा दिया। तीन साल में फोरलेन से शुरू होकर सिक्सलेन, एट लेन और अब टेन लेन के दावों के बीच सेटेलाइट से बैरियर-टू तक का हिस्सा आज भी अपने उद्धार की बाट जोह रहा है।

दरअसल, सरकारी विभागों की आपसी खींचतान में जब भी सड़क बनने की उम्मीद जगती है, एक नया खेल शुरू हो जाता है। साल 2022 से पीडब्ल्यूडी फोरलेन और सिक्सलेन के एस्टीमेट शासन को भेजता रहा, यहां तक किमुख्यमंत्री ने भी जनवरी में सिक्सलेन के प्रस्ताव पर मुहर लगा दी थी। लेकिन बीडीए को कुछ और ही साबित करना था। प्राधिकारण ने 130 करोड़ का दस लेन वाला प्रस्ताव तैयार कर शासन में फाइल भेज दी। मंजूरी मिलने के बाद बड़े-बड़े दावे किए मार्च तक टेंडर प्रक्रिया पूरी कर काम शुरू कर दिया जाएगा और सेटेलाइट से एयरपोर्ट की दूरी महज 10 मिनट की रह जाएगी।

बीडीए ने इस परियोजना में सड़क के दोनों ओर पांच-पांच लेन और सर्विस लेन की भव्यता का जो खाका खींचा था, वह भी वित्तीय वर्ष 2025-26 बीतने के बाद धरातल पर एक इंच नहीं खिसक सका है। बीडीए टेंडर प्रक्रिया तक पूरी नहीं कर पाया है। इधर, सवाल उठ रहें हैं जब बैरियर-टू से बड़ा बाईपास तक के छोटे से हिस्से के चौड़ीकरण की रफ्तार कछुआ चाल से चल रही है, तो 11 किलोमीटर को टेन लेन बनाने का प्रोजेक्ट धरातल पर कैसे उतरेगा। साफ है कि पीलीभीत बाईपास का चौड़ीकरण विभागों की आपसी खींचतान की भेंट चढ़ चुका है। कहा जा रहा है कि पीडब्ल्यूडी और बीडीए के बीच सूचनाओं का आदान-प्रदान न होना और बार-बार एस्टीमेट बदलना इस देरी की मुख्य वजह है।

एक्सईएन पीडब्ल्यूडी भगत सिंह ने बताया कि जनवरी माह में सेटेलाइट से बैरियर टू चौकी तक सिक्सेलन करने का 215 करोड़ का प्रस्ताव बनाया था। कुछ समय बाद ही बीडीए से जानकारी लगी कि वह इस सड़क को मंडलायुक्त के निर्देश पर दस लेन बनाएंगे। इस लिए विभाग पीछे हट गया है। पीडब्लयूडी की तरफ से पहले भी कई फोरलेन और सिक्सलेन के प्रस्ताव भेजे गए थे जो मंजूर नहीं हुए। यह पूरी सड़क बीडीए ही टेन लेन बनाएगा।

बीडीए उपाध्यक्ष डा. मनिकंडन.ए का कहना है कि मंडलायुक्त ने आठ लेन सड़क और दोनों ओर सर्विस रोड बनाने का सुझाव दिया था। इसी आधार पर 130 करोड़ का प्रस्ताव तैयार किया गया। काम शुरू होने के बाद पीडब्ल्यूडी का इस सड़क के चौड़ीकरण से कोई लेना देना नहीं रहेगा। बेरियर टू से बड़ा बाईपास तक सड़क पहले ही चौड़ी की जा रही है। जल्द ही शेष 7.25 किलोमीटर हिस्से की बची सड़क को चौड़ी करने के लिए टेंडर निकाला जाएगा।

 

संबंधित समाचार