Hardoi News : गैंगस्टर एक्ट में फरार आरोपी की 2.25 करोड़ की संपत्ति कुर्क

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हरदोई। उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में पुलिस और प्रशासन ने संयुक्त कार्रवाई में गैंगस्टर एक्ट में वांछित एक आरोपी की करोड़ों रुपये की संपत्ति कुर्क कर ली गयी है। आरोपी पर चोरी समेत कई आपराधिक मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं।

आधिकारिक सूत्रों ने आज यहां बताया थाना सुरसा में दर्ज मुकदमे में उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम, 1986 के तहत फरार चल रहे अभियुक्त धीरज गुप्ता निवासी कासिमपुर जिला हरदोई के खिलाफ यह कार्रवाई की गई। 

जिलाधिकारी के आदेश के अनुपालन में पुलिस व राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने लखनऊ मुख्य मार्ग पर स्थित ग्राम बम्हनाखेड़ा में आरोपी के दो मंजिला भवन को कुर्क किया। यह संपत्ति गाटा संख्या 270 और 273 में स्थित है, जिसका कुल रकबा 0.1135 हेक्टेयर (आंशिक हिस्सा) है।

 प्रशासन के अनुसार कुर्क की गई संपत्ति की अनुमानित कीमत करीब दो करोड़ 25 लाख 14 हजार रुपये आंकी गई है। इस कार्रवाई में राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीम मौजूद रही। प्रशासन का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।  

संबंधित समाचार