यूपीपीएससी पर छात्रों का धरना : सहायक अभियंता व कृषि सेवा परीक्षा परिणाम जारी करने की मांग

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) की सम्मिलित राज्य अभियंत्रण सेवा परीक्षा के तहत सहायक अभियंता तथा सम्मिलित राज्य कृषि सेवा मुख्य परीक्षा 2024 का परिणाम घोषित करने की मांग को लेकर प्रतियोगी छात्रों ने सोमवार को आयोग परिसर के बाहर धरना दिया।

आयोग के गेट नंबर दो के बाहर हाथों में पोस्टर और बैनर लेकर छात्रों ने नारेबाजी की तथा परिणाम शीघ्र जारी करने की मांग उठाई। कड़ी धूप के बावजूद बड़ी संख्या में अभ्यर्थी कई घंटे तक धरने पर बैठे रहे। प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि आयोग द्वारा आयोजित असिस्टेंट इंजीनियर और एग्रीकल्चर मुख्य परीक्षा का परिणाम लंबे समय से लंबित है।

इलाहाबाद उच्च न्यायालय में दाखिल याचिकाओं के कारण परिणाम घोषित नहीं हो पा रहा है, जिससे हजारों अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। संयुक्त प्रतियोगी छात्र हुंकार मंच के संयोजक पंकज पांडेय ने आरोप लगाया कि न्यायालय में लंबित मामलों की पिछली कई सुनवाइयों में आयोग की ओर से प्रभावी पैरवी नहीं की गई और लगातार तिथि ली जा रही है। इससे मामले का निस्तारण नहीं हो पा रहा है।

उन्होंने कहा कि आयोग की निष्क्रियता और पारदर्शिता की कमी के कारण अभ्यर्थी मानसिक तनाव, असमंजस और आर्थिक दबाव का सामना कर रहे हैं। परिणाम में देरी से वे अन्य भर्ती प्रक्रियाओं और अवसरों से भी वंचित हो रहे हैं। छात्रों ने मांग की कि न्यायालय में लंबित याचिकाओं में आयोग प्रभावी और त्वरित पैरवी करे, अभ्यर्थियों को समय-समय पर आधिकारिक जानकारी उपलब्ध कराए तथा भर्ती प्रक्रिया को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाए।

अभ्यर्थियों ने यह भी मांग की कि परीक्षा परिणाम में देरी के कारण सार्वजनिक किए जाएं और प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए। छात्र संगठन ने चेतावनी दी कि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा।

संबंधित समाचार