UP का पहला सफल हार्ट ट्रांसप्लांट कर SGPGI ने रचा इतिहास, राज्यपाल ने दी बधाई

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज करते हुए लखनऊ के संजय गांधी पोस्ट ग्रेजुएट आफ मेडिकल साइंसेज (एसजीपीजीआईएमएस) ने प्रदेश का पहला सफल हार्ट ट्रांसप्लांट कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। यह उपलब्धि न केवल एडवांस कार्डियक केयर में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है, बल्कि इससे उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय अंग प्रत्यारोपण मानचित्र पर मजबूती से स्थापित हुआ है।

 इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने एसजीपीजीआईएमएस की टीम को बधाई देते हुए उनके उत्कृष्ट समन्वय और टीमवर्क की सराहना की है। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इसे प्रदेश के स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह उन्नत चिकित्सा सेवाओं की बढ़ती क्षमता का प्रमाण है।

एसजीपीजीआईएमएस के अनुसार, दिल्ली में एक डोनर द्वारा हृदय, लिवर और गुर्दे सहित कई अंग दान किए गए थे। लिवर और गुर्दे का प्रत्यारोपण दिल्ली में ही किया गया, जबकि हृदय (हार्ट) को एयर एम्बुलेंस के माध्यम से लाया गया, जिससे प्रत्यारोपण के लिए आवश्यक इस्केमिक समय को कम रखते हुए ग्राफ्ट की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सकी।

हृदय प्राप्त करने वाला मरीज डायलेटेड कार्डियोमायोपैथी के कारण गंभीर हार्ट फेल्योर से पीड़ित था। विशेषज्ञों की टीम ने अत्यंत जटिल सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। इस प्रक्रिया में एसजीपीजीआईएमएस के कार्डियोथोरेसिक एवं वैस्कुलर सर्जरी (सीवीटीएस), कार्डियोलॉजी और एनेस्थीसिया विभागों के साथ-साथ राज्य अंग एवं ऊतक प्रत्यारोपण संगठन (सोटो), क्षेत्रीय अंग एवं ऊतक प्रत्यारोपण संगठन (रोटो) तथा दिल्ली के आरएमएल अस्पताल की टीमों ने समन्वित रूप से महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने इस सफलता को बेहतर समन्वय, त्वरित एयर एम्बुलेंस सेवा और ग्रीन कॉरिडोर जैसी व्यवस्थाओं का परिणाम बताया। संस्थान के निदेशक प्रोफेसर आर.के. धीमन ने इस उपलब्धि को चतुर्थक चिकित्सा (क्वाटर्नरी केयर) सेवाओं की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि यह उत्तर प्रदेश में एक व्यापक और एकीकृत बहु-अंग प्रत्यारोपण प्रणाली की नींव है।

संबंधित समाचार