Bareilly: इंटरसिटी एक्सप्रेस का बदायूं से औपचारिक विस्तार...पहले दिन 2 घंटा लेट हुई ट्रेन

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। बरेली-नई दिल्ली इंटर सिटी एक्सप्रेस का बदायूं और कासगंज तक विस्तार किया जाना है। लिहाजा सोमवार को केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा ने बदायूं से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। हालाकि सोमवार को महज औपचारिक तौर पर स्पेशल ट्रेन चलाई गई। 16 अप्रैल से विधिवत इंटरसिटी एक्सप्रेस कासगंज तक चलाई जाएगी। खास बात ये रही कि औपचारिक आगाज के पहले दिन ही ट्रेन करीब दो घंटा लेट हो गई। 

दरअसल बरेली जंक्शन से नई दिल्ली के बीच प्रतिदिन 14315/14316 इंटरसिटी एक्सप्रेस का संचालन किया जाता है। यात्रियों की मांग को देखते हुए इसका विस्तार अब बदायूं व कासगंज तक किया गया है। सोमवार को उद्घाटन स्पेशल ट्रेन संख्या 05303 बदायूं व नई दिल्ली के बीच चलाई गई। बदायूं में राज्यसभा सांसद व केन्द्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर दोपहर ठीक 12 बजे रवाना किया। मगर अपने उद्घाटन फेरे में ही ट्रेन लेट हो गई। बरेली जंक्शन यह ट्रेन 13:17 बजे 12 मिनट की देरी पहुंची मगर नगरिया सादात पहुंचते-पहुंचते 1 घंटा से ज्यादा और अमरोहा पहुंचते-पहुंचते करीब दो घंटा लेट हो गई। 

बरेली-नई दिल्ली के बीच नहीं बदला समय
फिलहाल बरेली वालों के लिए राहत ये है कि ट्रेन का विस्तार कासगंज तक भले कर दिया गया हो मगर बरेली जंक्शन से ट्रेन अपने पूर्व के समय की तरह सुबह 04:55 बजे चलती रहेगी। बरेली से नई दिल्ली के बीच समय में बदलाव नहीं किया गया है। 17 अप्रैल से ट्रेन संख्या 14315 कासगंज से आधी रात को 02:50 बजे चलकर, 03: 06 सोरों शूकर क्षेत्र, 03:35 बजे उझानी, 03:50 बजे बदायूं और फिर 04:55 बजे बरेली जंक्शन पहुंचेगी। 16 अप्रैल से ट्रेन संख्या नई दिल्ली से 16:35 बजे चलकर बदायूं 22:40 बजे, उझानी 22:58 बजे,सोरों शूकर क्षेत्र 23:30 बजे और कासगंज देर रात 12:10 बजे पहुंचेगी।

20 मई से बदलेगा इंटर सिटी का नंबर
रेल अधिकारियों का कहना है कि इंटर सिटी का नंबर भी अब बदल जाएगा।  20 मई से  14315 कासगंज नई दिल्ली बदले नंबर 15303 व  14316 नई दिल्ली-कासगंज बदले नंबर 15304 के साथ चलाई जाएगी। सोमवार को जिस नंबर से ट्रेन चलाई गई वो केवल उद्घाटन स्पेशल ट्रेन के लिए जारी किया गया था। ट्रेन के संचालन के लिए तीन रेक की आवश्यकता होगी। फिलहाल बरेली जंक्शन से दो रेक के जरिए ट्रेन का संचालन किया जाता है। 

दो नहीं तीन रेक की जरूरत
अब जब इंटरसिटी एक्सप्रेस का विस्तार बदायूं व कासगंज तक किया जाना तय है, तब ट्रेन के संचालन के लिए तीन रेक की आवश्यकता होगी। फिलहाल बरेली जंक्शन से दो रेक के जरिए ट्रेन का संचालन किया जाता है। 

यात्रियों सफर होगा आसान
अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार ने कहा कि इंटर सिटी एक्सप्रेस के विस्तार से कासगंज, बदायूं व उझानी के यात्रियों को लंबी दूरी की महत्वपूर्ण शहरों तक सीधे रेल की सुविधा मिल सकेगी। कासगंज और बदायूं अब बरेली, रामपुर, मुरादाबाद, गाजियाबाद होते हुए सीधे देश की राजधानी से कनेक्ट होंगे। वहीं सीनियर डीसीएम संजीव शर्मा ने कहा कि क्षेत्रीय यात्रियों, व्यापारियों व नौकरी पेशा लोगों को फायदा होगा। 

संबंधित समाचार