Bareilly : करें फैसला- मीटर पोस्टपेड या लेना है प्रीपेड का लाभ
आपका स्मार्ट मीटर, अब आपका बिजली बिल कर सकता है सीमित
बरेली, अमृत विचार। स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए एक और खुशखबरी है। उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर लगवाना भले ही अनिवार्य हो लेकिन उन्हें अब यह विकल्प चुनने का अधिकार मिल गया है कि वह अपना मीटर पोस्टपेड तरीके से ही चलाना चाहते हैं, या प्रीपेड विकल्प में जाना चाहेंगे। टेक्नीशियन आपके घर पर सिर्फ स्मार्ट मीटर लगा सकता है, आपको जो भी विकल्प चाहिए उसके लिए आपको बिजली विभाग से बात करनी होगी।
बता दें कि पोस्टपेड विकल्प में चलने वाले स्मार्ट मीटर में सामान्य मीटर की तरह ही महीने के आखिर एक बार बिल आएगा और बकाया बिल पर आपको चक्रवृद्धि ब्याज भी देना होगा। लेकिन उपभोक्ता बिजली के स्मार्ट मीटर को प्रीपेड तरीके से इस्तेमाल करता है तो वह प्रीपेड स्मार्ट मीटर पर मिलने वाली सभी सुविधाओं का लाभ ले सकता है। जिनमें बिजली विभाग द्वारा बनाए गए ऐप के जरिए रियल टाइम पर बिजली खपत की जानकारी, सटीक बिलिंग, आसान भुगतान, सोलर पैनल के साथ स्मार्ट मीटर का उपयोग और ऑनलाइन रिचार्ज पर मिलने वाली छूट समेत राज्य सरकारों द्वारा दी जाने वाली अन्य सुविधाएं शामिल हैं। बिजली बिल सीमित कर सकते हैं अलर्ट लगाकर अधिक बिल बनने से बच सकते हैं।
स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को यह अतिरिक्त सुविधा केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण (सीईए) द्वारा बीते 1 अप्रैल 2026 को जारी उस नए संशोधन के मिली है, जिसमें ''अनिवार्य प्रीपेड'' की शर्त को हटा दिया गया है। स्मार्ट मीटर लगवाना अभी भी अनिवार्य है, लेकिन इस नए संशोधन से आपको पोस्टपेड या प्रीपेड के विकल्प का अधिकार मिल गया है। अब उपभोक्ताओं को यह चुनने की आजादी होगी कि वे पोस्टपेड (पहले बिजली इस्तेमाल करें, फिर बिल भरें) विकल्प में रहना चाहते हैं, या प्रीपेड (पहले रिचार्ज करें) विकल्प को अपनाना चाहते हैं।
टेक्नीशियन का काम सिर्फ मीटर बदलना
याद रखिए कि टेक्नीशियन का काम सिर्फ मीटर लगाना है। वह चाहकर भी आपके बिलिंग मोड (प्रीपेड या पोस्टपेड) में बदलाव नहीं कर सकता, क्योंकि यह उसके अधिकार क्षेत्र में नहीं है। यह अधिकार केवल बिजली निगम के पास है। उपभोक्ताओं को किसी भी तरह के अफवाह अथवा भ्रम में आने की जरूरत नहीं है। बिना किसी भ्रम में आए इस बदलाव को अपनाएं।
स्मार्ट मीटर: आधुनिक तकनीक, स्मार्ट बचत के फायदे
-सटीक बिलिंग: गलत बिल और मीटर रीडर के इंतज़ार से मुक्ति।
-लाइव निगरानी: स्मार्ट ऐप से 24/7 बिजली खपत और बिल पर नज़र।
-सोलर फ्रेंडली: सोलर पैनल और नेट-मीटरिंग के साथ आसान तालमेल।
-आसान भुगतान: लंबी लाइनों से छुटकारा, मोबाइल से तुरंत पेमेंट।
-पूर्ण नियंत्रण: अपने बजट के अनुसार बिजली खर्च मैनेज करने की शक्ति।
बोले स्मार्ट उपभोक्ता
सुरेश शर्मा नगर निवासी अक्षय शर्मा का कहना है कि जब से मेरा स्मार्ट मीटर लगा है मुझे काफी राहत मिली है। मेरे मोबाइल एप पर पूरी जानकारी मिल जाती है। कितनी बिजली खपत और कितना बिल, रोजाना पता चल जाता है।
राजेंद्र नगर के प्रताप राज कहते हैं कि स्मार्ट मीटर प्रीपेड कर दिया गया था। मैने स्वेच्छा से अब पोस्टपेड करा लिया है। मुझे कोई दिक्कत नहीं है। मेरे मोबाइल पर घर की बिजली की खपत का पूरा ब्यौरा रहता है।
प्रीपेड मीटर को पोस्टपेड करने का अभी तक मुख्यालय या शासन की तरफ से कोई आदेश नहीं आया है। अगर आदेश मिलता है तो उसका तत्काल प्रभाव से पालन कराया जाएगा। फिलहाल अभी आदेश का इंतजार किया जा रहा है। -धर्मेन्द्र सिंह, अधीक्षण अभियंता।
