पश्चिम बंगाल चुनाव : सीएम योगी का TMC पर जोरदार हमला, कहा- डबल इंजन सरकार लाएगी बदलाव, खत्म होगा माफिया राज

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बाराबनी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पश्चिम बंगाल के बाराबनी विधानसभा क्षेत्र में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी के कार्यकर्ता भाजपा समर्थकों को परेशान कर रहे हैं और लोकतांत्रिक माहौल को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं। 

योगी ने कहा कि बंगाल की जनता को डरने की जरूरत नहीं है, क्योंकि भाजपा यहां से टीएमसी का "सूपड़ा साफ" करेगी। उन्होंने बंगाल की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि यह भूमि सदियों से देश को प्रेरणा देती रही है। उन्होंने रवींद्रनाथ टैगोर का जिक्र करते हुए कहा कि इसी धरती ने देश को 'जन गण मन' जैसा राष्ट्रगान दिया। 

साथ ही 'वंदे मातरम' के 150 वर्ष पूरे होने का उल्लेख करते हुए उन्होंने इसे स्वतंत्रता आंदोलन का प्रेरणास्रोत बताया। अपने संबोधन में योगी ने स्वामी विवेकानंद , सुभाष चंद्र बोस और अरविंदो घोष जैसे महान विभूतियों को याद करते हुए कहा कि बंगाल ने देश को राष्ट्रवाद और बलिदान की प्रेरणा दी है। उन्होंने श्याम प्रसाद मुखर्जी का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके 'एक देश, एक विधान' के सपने को प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में साकार किया गया है। 

योगी ने कहा कि कश्मीर से धारा 370 हटने के बाद अब वहां भी वही कानून लागू है जो देश के अन्य राज्यों में है। टीएमसी सरकार पर हमला बोलते हुए योगी ने आरोप लगाया कि राज्य में "टेरर, माफिया राज और कट मनी भ्रष्टाचार" का बोलबाला है। उन्होंने कहा कि सैंड माफिया, कोल माफिया और लैंड माफिया को खत्म करने का संकल्प भाजपा सरकार ले चुकी है। उत्तर प्रदेश का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि 9 साल पहले वहां भी हालात ऐसे ही थे, लेकिन आज "न दंगा है, न कर्फ्यू-यूपी में सब चंगा है।" 

उन्होंने 'बुलडोजर मॉडल' का जिक्र करते हुए कहा कि इससे माफिया राज समाप्त हुआ है और गरीबों के लिए आवास बनाए जा रहे हैं। राम मंदिर मुद्दे पर बोलते हुए योगी ने कहा कि अयोध्या में भव्य मंदिर बन चुका है और यह केवल मोदी सरकार की प्रतिबद्धता से संभव हुआ है। 

उन्होंने विपक्षी दलों पर हमला करते हुए कहा कि वे इसे रोक नहीं पाए। अंत में उन्होंने बंगाल की जनता से अपील करते हुए कहा कि राज्य को विकास के रास्ते पर लाने के लिए "डबल इंजन सरकार" जरूरी है। उन्होंने भरोसा जताया कि भाजपा की सरकार बनने पर राज्य में कानून व्यवस्था सुधरेगी और विकास को गति मिलेगी। 

संबंधित समाचार