बाराबंकी पेट्रोल पंप चोरी का पुलिस ने किया खुलासा, हवा भरने वाले ने उड़ाई थी रुपए से भारी तिजोरी
बाराबंकी, अमृत विचार। रामनगर थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप पर हुई चोरी की घटना का अनावरण करते हुए पुलिस ने जिसे दबोचा, वह उसी पंप पर हवा भरने की काम करता था। उसे तिजोरी की जानकारी थी और मन में अचानक लखपति बनने का लालच। बस घटना को अंजाम दे दिया। इसके पास से गायब तिजोरी व एक साइकिल बरामद हुई है।
अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी विकास चंद्र त्रिपाठी ने आज बताया कि ग्राम दलसरांय स्थित ओम साईं फिलिंग स्टेशन के कार्यवाहक मैनेजर भानू प्रताप सिंह ने 13 अप्रैल की रात पेट्रोल पंप के स्टोर रूम से लॉकर सहित नकदी चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस पर थाना रामनगर में मामला दर्ज किया गया।
एसपी के निर्देश पर स्वाट, सर्विलांस और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने सीसीटीवी फुटेज, डिजिटल डेटा और मैनुअल इंटेलिजेंस की मदद से जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपी मोनू विश्वकर्मा निवासी तारापुर गुमान को गिरफ्तार किया गया, जो उसी पेट्रोल पंप पर हवा भरने का काम करता था।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे तिजोरी में रखे कैश की पहले से जानकारी थी। लालच में आकर उसने चोरी की योजना बनाई। घटना की रात वह साइकिल से पेट्रोल पंप पहुंचा, पहले सीसीटीवी कैमरे की दिशा बदली और फिर तिजोरी चोरी कर ली। बाद में उसने तिजोरी को एक सुनसान स्थान पर झाड़ियों के बीच मिट्टी में गाड़कर छिपा दिया था। इस कार्रवाई में स्वाट, सर्विलांस और थाना रामनगर पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
