दिल्ली एयरपोर्ट टला बड़ा हादसा : पार्किंग एरिया में दो विमान आपस में टकराए, सभी यात्री सुरक्षित
नई दिल्ली। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर गुरुवार को एक ग्राउंड हैंडलिंग घटना में दो विमानों की टक्कर हो गई। स्पाइसजेट के एक बोइंग 737 विमान ने टैक्सी करते समय खड़े हुए आकासा एयर के विमान को टच कर दिया। इससे स्पाइसजेट विमान के दाहिने विंगलेट को नुकसान पहुंचा, जबकि आकासा एयर के विमान के बाएं हॉरिजॉन्टल स्टेबलाइजर में भी क्षति हुई।
स्पाइसजेट के प्रवक्ता ने बताया कि घटना के बाद उनके विमान को दिल्ली एयरपोर्ट पर ही रोक लिया गया है और आगे की जांच व मरम्मत का काम चल रहा है। आकासा एयर की ओर से कहा गया कि उनका विमान पार्किंग में स्थिर खड़ा था, तभी दूसरी एयरलाइन का विमान उससे टकरा गया। आकासा की फ्लाइट QP 1406 दिल्ली से हैदराबाद जाने वाली थी, लेकिन टक्कर के कारण उसे वापस पार्किंग में ले जाना पड़ा।
एयरलाइंस ने स्पष्ट किया कि सभी यात्री और क्रू सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें विमान से सुरक्षित उतार लिया गया है।यह घटना उड़ान भरने से पहले की टैक्सी प्रक्रिया के दौरान हुई, इसलिए किसी भी यात्री की जान को कोई खतरा नहीं पहुंचा। DGCA की टीम घटना की जांच कर रही है।
