बाराबंकी : देवा में ‘मिशन शक्ति’ के तहत छात्राओं का दमदार प्रदर्शन, क्रिकेट मैच में दिखाया हुनर
देवा/बाराबंकी, अमृत विचार : महिलाओं और बालिकाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘मिशन शक्ति’ अभियान के तहत गुरुवार को कोतवाली देवा क्षेत्र के नुमाइश मेला मैदान में छात्राओं के बीच क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। इस मुकाबले में किसान उच्चतर माध्यमिक विद्यालय देवा और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज देवा की टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रोमांचक मुकाबले में किसान उच्चतर माध्यमिक विद्यालय देवा की छात्राओं ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 22 रनों से जीत दर्ज की। मैच के दौरान खिलाड़ियों ने खेल भावना, अनुशासन और आत्मविश्वास का बेहतरीन परिचय दिया, जिसे देखकर मौजूद दर्शकों ने भी खूब सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक बाराबंकी अर्पित विजयवर्गीय, क्षेत्राधिकारी नगर संगम कुमार, कोतवाली प्रभारी अजय कुमार त्रिपाठी , अतिरिक्त निरीक्षक धर्मेंद्र प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक सुमित वर्मा, महिला उपनिरीक्षक चंदा यादव सहित अन्य अधिकारी व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने कहा कि “मिशन शक्ति के माध्यम से बेटियों को न केवल सुरक्षा का भरोसा दिया जा रहा है, बल्कि उन्हें हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित भी किया जा रहा है।
खेल जैसी गतिविधियां बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाती हैं कार्यक्रम के अंत में विजेता टीम को सम्मानित किया गया और सभी प्रतिभागियों को आगे भी इसी तरह सक्रिय रहने के लिए प्रेरित किया गया।
