पाकिस्तान में लश्कर आतंकी आमिर हमजा पर हमला, मोटरसाइकिल पर सवार अज्ञात बंदूकधारियों ने बरसाई गोली 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लाहौर। पाकिस्तान स्थित लश्कर-ए-तैयबा आतंकी समूह का सह-संस्थापक आमिर हमजा बृहस्पतिवार को लाहौर में मोटरसाइकिल पर सवार अज्ञात बंदूकधारियों के हमले में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। हमजा को लश्कर-ए-तैयबा के प्रमुख हाफिज सईद के बाद दूसरा सबसे महत्वपूर्ण नेता माना जाता है। सईद आतंकी वित्तपोषण मामलों में कई वर्षों की सजा के बाद 2019 से लाहौर की कोट लखपत जेल में बंद है। 

पुलिस के अनुसार, अज्ञात बंदूकधारियों ने गृह मंत्री मोहसिन नकवी के स्वामित्व वाले निजी टीवी चैनल '24 न्यूजएचडी टीवी' के वाहन पर गोलीबारी की। चैनल के धार्मिक कार्यक्रम के मेजबान न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) नजीर अहमद गाजी और हमजा वाहन में सवार थे। पुलिस ने बताया, ''लाहौर के पेको रोड पर टीवी चैनल के कार्यालय के पास, मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात हथियारबंद लोगों ने कार पर गोलियां चलाईं जिसमें गाजी और हमजा सवार थे। 

इस हमले में हमजा को गोली लगी जबकि गाजी बाल-बाल बच गए।'' उन्होंने बताया कि हमजा को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि उसने सीसीटीवी फुटेज की मदद से हमलावरों का पता लगाने के लिए घटना की जांच शुरू कर दी है। टीवी चैनल ने एक बयान में कहा कि लाहौर में गोलीबारी में टीवी होस्ट न्यायमूर्ति नजीर गाजी बाल-बाल बचे जबकि मौलाना आमिर हमजा घायल हो गया। 

चैनल ने कहा कि गाजी '24 न्यूजएचडी टीवी' पर 'नूर-ए-सहर' कार्यक्रम के मेजबान हैं। बयान में कहा गया, ''गाजी लाहौर स्थित सिटी न्यूज़ कार्यालय में अपना शो रिकॉर्ड करने के बाद घर जा रहे थे।'' 

हाफिज सईद की प्रतिबंधित जमात-उद-दावा की राजनीतिक इकाई पाकिस्तान मरकजी मुस्लिम लीग (पीएमएमएल) ने हमजा पर हुए हमले की कड़ी निंदा की और मांग की है कि इस घटना में शामिल लोगों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए। पार्टी ने सरकार से "धार्मिक विद्वानों" के लिए प्रभावी सुरक्षा सुनिश्चित करने का भी आह्वान किया। हमजा को अमेरिका ने आतंकवादी घोषित किया हुआ है। पहले वह लश्कर-ए-तैयबा के ''विशेष अभियान'' विभाग का प्रमुख था। 

ये भी पढ़ें : 
Iran-US Ceasefire : भारत के 'जग विक्रम' ने किया होर्मुज पार, 20,000 टन LPG लेकर आ रहा मुंबई

 

संबंधित समाचार