चंद्रमा की गोद से पृथ्वी पर वापसी, आर्टेमिस-2 का ऐतिहासिक सफर पूरा
ह्यूस्टनः आर्टेमिस-2 के अंतरिक्ष यात्रियों के शुक्रवार को प्रशांत महासागर में उतरने के साथ ही आधी सदी से अधिक समय बाद मनुष्य की पहली चंद्र यात्रा पूरी हो गई। चार अंतरिक्ष यात्रियों वाला दल सफल चंद्र मिशन के बाद पृथ्वी पर लौटा। इस मिशन के दौरान उन्होंने चंद्रमा के उस हिस्से को देखा, जिसे पहले कभी इतने करीब से नहीं देखा गया था और इसने मानव इतिहास में सबसे ज्यादा दूरी तय करने का नया रिकॉर्ड भी बनाया। इस दौरान पूर्ण सूर्य ग्रहण भी दिखाई दिया।
आर्टेमिस-2 चंद्रमा पर नहीं उतरा और न ही उसकी परिक्रमा की लेकिन उसने अपोलो 13 के दूरी के रिकॉर्ड को तोड़ दिया और पृथ्वी से मानव द्वारा की गई अब तक की सबसे लंबी यात्रा का उस समय रिकॉर्ड बनाया, जब चालक दल 252,756 मील (406,771 किमी) की दूरी तक पहुंचा। कमांडर रीड वाइसमैन, पायलट विक्टर ग्लोवर, क्रिस्टीना कोच और कनाडा के जेरेमी हैनसेन 'मैक 33' यानी ध्वनि की गति से 33 गुना अधिक रफ्तार से वायुमंडल में दाखिल हुए।
'इंटीग्रिटी' नामक उनका ओरियन कैप्सूल स्वचालित प्रणाली के सहारे समुद्र में उतरा। मिशन नियंत्रण कक्ष में उस समय तनाव बढ़ गया जब अत्यधिक ताप के दौरान कैप्सूल लाल गर्म प्लाज्मा से घिर गया और तय योजना के अनुसार कुछ समय के लिए उससे संपर्क टूट गया। सबकी निगाहें कैप्सूल की जीवनरक्षक ऊष्मा-रोधी ढाल पर थीं, जिसे पुन: प्रवेश के दौरान हजारों डिग्री तापमान सहना था। मिशन नियंत्रण कक्ष के दर्शक कक्ष में अंतरिक्ष यात्रियों के परिजन भी मौजूद थे। संचार अवरोध की अवधि समाप्त होने के बाद जब कैप्सूल फिर दिखाई दिया और करीब 2,000 मील (3,219 किलोमीटर) दूर समुद्र में उतरा तो लोग खुशी से झूठ उठे।
आर्टेमिस II मिशन के अंतरिक्ष यात्री चंद्रमा की परिक्रमा कर पृथ्वी पर पहुंचे: नासा
नासा ने कहा कि आर्टेमिस II मिशन के तहत चंद्रमा की परिक्रमा करने वाले अंतरिक्ष यात्री पृथ्वी पर लौट आए हैं। आर्टेमिस II के चालक दल में नासा के अंतरिक्ष यात्री रीड वाइजमैन (कमांडर), विक्टर ग्लोवर (पायलट), क्रिस्टीना कोच (मिशन विशेषज्ञ) और सीएसए के अंतरिक्ष यात्री जेरेमी हैनसेन (मिशन विशेषज्ञ) शामिल थे और उन्होंने 10 दिनों के मिशन के बाद सैन डिएगो के तट पर सफलतापूर्वक लैंडिंग की।
नासा ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा: "रीड, विक्टर, क्रिस्टीना और जेरेमी का घर वापसी पर स्वागत है! आर्टेमिस II के अंतरिक्ष यात्री पूर्वी समयानुसार रात 8:07 बजे (भारतीय समयानुसार 11 अप्रैल को सुबह 5:37 बजे) लैंड किए, जिससे चंद्रमा के चारों ओर उनका ऐतिहासिक 10 दिवसीय मिशन समाप्त हो गया।"
अंतरिक्ष यान को एक अप्रैल की शाम को स्थानीय समयानुसार फ्लोरिडा के केप कैनावेरल से लॉन्च किया गया था। नासा ने छह अप्रैल को बताया कि अंतरिक्ष यान पृथ्वी से 4,06,000 किलोमीटर से अधिक दूर था। रीड वाइजमैन के नेतृत्व में चार सदस्यीय आर्टेमिस II दल ने दस दिवसीय चंद्र उड़ान पूरी की, जो 50 से अधिक वर्षों में चंद्रमा पर पहली मानवयुक्त यात्रा और सबसे लंबी मानव अंतरिक्ष उड़ान को दर्शाता है।
