यूपी में गर्मी के हौसले बुलंद : बांदा में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार, जानें अन्य जिलों का हाल

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में शुष्क मौसम और गर्म पछुआ हवाओं के प्रभाव से पिछले एक सप्ताह के दौरान अधिकतम तापमान में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है, जिसके चलते कई स्थानों पर पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया। इसी क्रम में बांदा प्रदेश का सर्वाधिक गर्म स्थान रहा, जहां गुरुवार को अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

विभाग ने बताया कि आगामी दो से तीन दिनों तक प्रदेश में कोई सक्रिय मौसम तंत्र प्रभावी नहीं है। ऐसे में शुष्क पछुआ हवाओं का असर बना रहेगा। कर्नाटक और महाराष्ट्र के ऊपर बने प्रतिचक्रवात के मध्य भारत की ओर खिसकने से तापमान में मामूली और वृद्धि हो सकती है। हालांकि इसके बाद पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हवाओं की दिशा में परिवर्तन और आंशिक बादलों की आवाजाही के कारण तापमान में हल्की गिरावट आने की संभावना है।

मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि पश्चिमी विक्षोभ के बावजूद प्रदेश में वर्षा की कोई संभावना नहीं है। पिछले 24 घंटो के दौरान प्रयागराज में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस,वाराणसी में 41.7 डिग्री, सुलतानपुर में 41.3,कानपुर में 41.2,रायबरेली के फुर्सतगंज में 40.8, चुर्क में 40.5, बाराबंकी और हरदोई में 40-40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश के अधिसंख्य स्थानों पर अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक है जिसमें आने वाले दिनों के दौरान बढ़ोत्तरी के आसार है। 

संबंधित समाचार