कानपुर में पीएनजी गैस कनेक्शन में तेजी लाने के निर्देश

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

कानपुर। कानपुर नगर में पीएनजी गैस कनेक्शनों के विस्तार को लेकर आयोजित बैठक में उपभोक्ताओं को तेजी से कनेक्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में अपर जिलाधिकारी (नागरिक आपूर्ति), जिला पूर्ति अधिकारी, सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा, पीएनजी गैस कंपनियों के प्रतिनिधि, गैस डिस्ट्रीब्यूटर, व्यापार मंडल पदाधिकारी तथा होटल एवं बैंक्वेट हॉल संचालक उपस्थित रहे। 

बैठक में सीयूजीएल के वरिष्ठ प्रबंधक ने बताया कि रामादेवी से कल्याणपुर तक गैस पाइपलाइन नेटवर्क स्थापित है। वर्तमान में 1.31 लाख घरेलू, 460 वाणिज्यिक तथा 152 औद्योगिक कनेक्शन संचालित हैं। प्रति सप्ताह 350 से 400 घरेलू, 7 से 11 वाणिज्यिक तथा एक औद्योगिक कनेक्शन जारी किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि उपभोक्ता जूही एवं लखनपुर स्थित कार्यालयों से संपर्क कर सकते हैं। वाणिज्यिक कनेक्शन के लिए ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है।

पाइपलाइन उपलब्ध होने पर 10 दिन तथा अन्यथा 30 से 45 दिनों में कनेक्शन दिए जाते हैं। आईजीएल के अधिकारियों ने बताया कि रूमा से फतेहपुर तक लगभग 750 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है। वर्तमान में 7667 घरेलू, 25 वाणिज्यिक और पांच औद्योगिक कनेक्शन संचालित हैं। प्रति सप्ताह 20 घरेलू, एक वाणिज्यिक और एक औद्योगिक कनेक्शन जारी किए जा रहे हैं। बैठक में होटल, रेस्टोरेंट और बैंक्वेट हॉल संचालकों को पीएनजी कनेक्शन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। 

साथ ही सीयूजीएल और आईजीएल के अधिकारियों को कॉल सेंटर स्थापित करने, मानव संसाधन बढ़ाने तथा आवेदनों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने संबंधित प्रतिष्ठानों से संभावित उपभोक्ताओं की सूची तैयार कर कंपनियों को उपलब्ध कराने और किसी समस्या की स्थिति में जिला पूर्ति अधिकारी अथवा अपर जिलाधिकारी (नागरिक आपूर्ति) को सूचित करने को कहा है।  

संबंधित समाचार