Sarvodaya Vidyalaya Admission: सर्वोदय विद्यालयों का बढ़ा क्रेज, 10790 सीटों पर 68780 आवेदन

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

सरकारी स्कूलों में बढ़ा भरोसा, 7 गुना अधिक आवेदन

लखनऊ, अमृत विचार: प्रदेश में सरकारी शिक्षा व्यवस्था की बदलती तस्वीर अब साफ नजर आने लगी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में संचालित सर्वोदय विद्यालयों में सत्र 2026-27 के लिए रिकॉर्ड आवेदन प्राप्त हुए हैं। 10,790 सीटों के मुकाबले 68,780 छात्रों ने आवेदन किया है, जो सीटों से लगभग सात गुना अधिक है।

प्रदेश में कुल 103 सर्वोदय विद्यालय संचालित हैं, जिनमें 70 बालकों और 33 बालिकाओं के लिए हैं। इन विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासित वातावरण और आवासीय सुविधाओं के कारण इनकी लोकप्रियता तेजी से बढ़ी है। यही वजह है कि अब ग्रामीण ही नहीं, शहरी क्षेत्रों के अभिभावक भी इन विद्यालयों को प्राथमिकता दे रहे हैं। आंकड़ों के अनुसार, बालक वर्ग के लिए कुल 7,452 सीटें निर्धारित हैं, जिनमें कक्षा-6 के लिए 4,661, कक्षा-7 के लिए 920, कक्षा-8 के लिए 924 और कक्षा-9 के लिए 947 सीटें हैं। वहीं बालिकाओं के लिए 3,338 सीटें निर्धारित की गई हैं, जिनमें कक्षा-6 में 2,310, कक्षा-7 में 294, कक्षा-8 में 358 और कक्षा-9 में 376 सीटें शामिल हैं।

आवेदनों की बात करें तो बालक वर्ग में 44,743 और बालिका वर्ग में 24,037 आवेदन प्राप्त हुए हैं। अकेले कक्षा-6 के लिए सबसे ज्यादा आवेदन आए हैं।

समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों के अनुसार, इन विद्यालयों में आधुनिक संसाधनों, बेहतर शिक्षण पद्धति और अनुशासन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। साथ ही छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों और व्यक्तित्व विकास पर भी जोर दिया जा रहा है।

संबंधित समाचार