वाराणसी में झंडे के विवाद को लेकर पथराव, एसीपी समेत कई पुलिसकर्मी घायल

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

वाराणसी। वाराणसी में चोलापुर थाना क्षेत्र के नेहिया गांव में बाबा बटुक भैरवनाथ मंदिर (धाम) के मुख्य द्वार पर झंडा लगाने को लेकर चल रहे विवाद ने शुक्रवार को उग्र रूप ले लिया। दूसरे दिन भी लोग सड़क पर उतर आए और सड़क जाम कर जोरदार नारेबाजी तथा प्रदर्शन करने लगे। स्थिति तब और बिगड़ गई जब पुलिस के पहुंचते ही भीड़ ने पथराव शुरू कर दिया। इसमें एसीपी सारनाथ विदुष सक्सेना समेत कई अन्य पुलिसकर्मी घायल हो गए।

अपर पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) शिवहरि मीणा, डीसीपी वरुणा जोन प्रमोद कुमार, सारनाथ थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी और बल मौके पर मौजूद हैं। कल अंबेडकर जी से जुड़ा झंडा उतारने और उसे क्षति पहुंचाने को लेकर काफी देर तक विवाद चला था। मंदिर के गेट पर तथा गांव में भारी पुलिस फोर्स तैनात की गई थी।

बताया जा रहा है कि 14 अप्रैल को भारत रत्न डॉ भीमराव अंबेडकर जयंती के दिन बटुक भैरव धाम जाने वाले मुख्य मार्ग पर अंबेडकर जी का झंडा लगाया गया था। कुछ अराजक तत्वों ने झंडे को क्षति पहुंचा दी, जिसके बाद दो पक्षों में विवाद शुरू हो गया। एक संगठन ने सड़क जाम कर ग्रामीणों के साथ प्रदर्शन शुरू कर दिया था। बाद में पुलिस अधिकारियों ने कार्रवाई करने और आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का आश्वासन देकर प्रदर्शन समाप्त कराया था।

पुलिस के अनुसार, आज भी प्रदर्शन की सूचना मिलते ही फोर्स मौके पर पहुंची, तो प्रदर्शनकारियों की ओर से पथराव कर दिया गया। इसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। फिलहाल माहौल को देखते हुए अन्य थानों से भी अतिरिक्त फोर्स बुला ली गई है। पथराव करने वाले प्रदर्शनकारियों को चिन्हित किया जा रहा है और उनके खिलाफ आगे कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि दो संगठनों के लोगों के आमने-सामने आने के कारण यह घटना हुई। 

संबंधित समाचार