सोनभद्र में भीषण गर्मी की शुरुआत: बचाव के लिए चेतावनी जारी, पारा 41 डिग्री के पार 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

सोनभद्र। सोनभद्र में भीषण गर्मी की शुरुआत और तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने लोगों के लिए चेतावनी जारी की है। विभाग ने 19 अप्रैल से 31 मई तक सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक घर या कार्यालय से बाहर न निकलने की सलाह दी है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पंकज कुमार राय ने बताया कि प्रदेश में भीषण गर्मी की शुरुआत हो चुकी है। तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है और मौसम विभाग के अनुसार यह 45 से 50 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। 

उन्होंने बताया कि इस दौरान पृथ्वी पर सीधी अल्ट्रावायलेट (यूवी) किरणों का प्रभाव बढ़ेगा, जिससे त्वचा कैंसर, समय से पहले झुर्रियां, बुढ़ापा तथा मोतियाबिंद जैसी आंखों की समस्याएं हो सकती हैं।

सीएमओ ने कहा कि यदि किसी को सांस लेने में कठिनाई हो या अचानक अस्वस्थता महसूस हो तो तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें। कमरों में हवा के आवागमन के लिए खिड़की-दरवाजे खुले रखें। 

अत्यधिक गर्मी में मोबाइल फोन के अधिक उपयोग से बचें। उन्होंने लोगों को पानी और अन्य तरल पदार्थ अधिक मात्रा में लेने की सलाह दी। दही, छाछ और नींबू पानी जैसे पेय पदार्थों का सेवन करने को कहा गया है। वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि कार में गैस से चलने वाली वस्तुएं, लाइटर, कार्बोनेटेड ड्रिंक्स, परफ्यूम और बैटरियां न रखें। 

कार का फ्यूल टैंक पूरा न भरवाएं तथा ईंधन भरवाने का कार्य शाम के समय करें। दिन में अनावश्यक यात्रा से बचें और टायरों में हवा का दबाव अधिक न रखें। उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडर को धूप में न रखें। जब बाहर का तापमान 45 से 47 डिग्री सेल्सियस हो तो घर के एसी को 24 से 25 डिग्री सेल्सियस पर चलाएं।

ये भी पढ़ें : 
यूपी में साइबर सिंघम की फौज तैयार .... 500 फॉरेंसिक एक्सपर्ट से 75 जिलों में तकनीक आधारित जांच को मिलेगी नई धार

संबंधित समाचार