यूपी में ग्राम परिवहन योजना में तेजी, मई से गांवों में दौड़ेंगी मिनी बसें, 13 अप्रैल तक स्क्रीनिंग पूरी करने के निर्देश

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार : मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी देने की दिशा में प्रक्रिया तेज हो गई है। परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने बताया कि प्रदेशभर से प्राप्त 1003 आवेदनों में से अब तक 286 का चयन किया जा चुका है, जबकि शेष आवेदनों की स्क्रीनिंग 13 अप्रैल तक पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

परिवहन मंत्री ने बताया कि उप्र. परिवहन निगम के 20 क्षेत्रों से आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनकी जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा जांच की जा रही है। सरकार का लक्ष्य अप्रैल के अंत तक सभी औपचारिकताएं पूरी कर मई से ग्रामीण मार्गों पर मिनी बसों का संचालन शुरू करना है।

योजना के तहत प्रदेश की 59,163 ग्राम पंचायतों को जिला मुख्यालयों से जोड़ने की तैयारी है। करीब 12,200 गांवों में 15 से 28 सीट क्षमता वाली निजी मिनी बसें चलाई जाएंगी, जिससे ग्रामीणों को ब्लॉक, तहसील और जिला मुख्यालय तक सीधी व सस्ती परिवहन सुविधा मिल सकेगी।

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि योजना के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि यह पहल दूरस्थ गांवों को मुख्यधारा से जोड़ने और अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक परिवहन सेवा पहुंचाने में अहम साबित होगी।

ये भी पढ़ें : 
यूपी में निवेश को मिलेगी नई रफ्तार, सीएम योगी से डेनमार्क राजदूत ने की मुलाकात

 

 

 

संबंधित समाचार