Uttrakhand: वीकेंड पर ट्रैफिक और डायवर्जन प्लान लागू, कैंचीधाम-भवाली-भीमताल के लिए विशेष व्यवस्था

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। वीकेंड पर बढ़ने वाली पर्यटकों की भीड़ को देखते हुए पुलिस ने विशेष ट्रैफिक और डायवर्जन प्लान लागू किया है। यह व्यवस्था दो दिनों तक सुबह से रात 10 बजे तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान यात्रा रूट पर सभी प्रकार के भारी वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध रहेगा।

पुलिस के अनुसार पर्वतीय क्षेत्रों से हल्द्वानी की ओर आने वाले सभी भारी मालवाहक वाहनों को सुबह 6 बजे से रात 9 बजे तक बॉर्डर पर रोका जाएगा। जनपद के अंदर से आने वाले भारी वाहनों को नंबर-1 बैंड, भीमताल एचएमटी क्षेत्र, पुलिस चौकी सलड़ी, अमृतपुर मोड़ और मैगी प्वाइंट क्षेत्र में पार्क कराया जाएगा। वहीं मैदानी क्षेत्र से पर्वतीय क्षेत्र को जाने वाले भारी वाहनों को गौलापार और खेड़ा चौकी के पास रोका जाएगा। 

बरेली रोड से आने वाले पर्यटक व मालवाहक वाहन तीनपानी फ्लाईओवर से गौलापार रोड होते हुए नारीमन तिराहा काठगोदाम से गंतव्य को जाएंगे। रुद्रपुर की ओर से आने वाले वाहन पंतनगर, लालकुआं और तीनपानी फ्लाईओवर होते हुए गौलापार रोड से भेजे जाएंगे। रामनगर, बाजपुर और कालाढूंगी से आने वाले वाहन कालाढूंगी-नैनीताल तिराहा से मंगोली मार्ग होते हुए जाएंगे।

रविवार को दोपहर 3 बजे से रात 9 बजे तक भवाली मस्जिद तिराहा और नैनीताल से मैदानी क्षेत्रों को जाने वाले वाहनों को नंबर-1 बैंड और रूसी बाईपास से डायवर्ट कर मंगोली-कालाढूंगी मार्ग से भेजा जाएगा।

कैंचीधाम, भवाली और भीमताल के लिए विशेष व्यवस्था
वीकेंड पर कैंचीधाम, भवाली और भीमताल में यातायात दबाव कम करने के लिए अल्मोड़ा और रानीखेत की ओर से आने वाले भारी वाहनों को क्वारब और खैरना से रामगढ़-मुक्तेश्वर मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा। कैंचीधाम आने वाले पर्यटक वाहनों को भीमताल विकास भवन पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा, जहां से शटल सेवा के माध्यम से कैंचीधाम भेजा जाएगा। वहीं नैनीताल से आने वाले वाहनों को भवाली सैनिटोरियम पार्किंग में पार्क कराया जाएगा और वहां से शटल सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। पुलिस ने यात्रियों से यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।

संबंधित समाचार