Bareilly:देशव्यापी आह्वान पर बैंक कर्मियों का विरोध-प्रदर्शन, काली पट्टी बांधकर निकले
बरेली, अमृत विचार। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के देशव्यापी आह्वान पर शनिवार को विभिन्न बैंकों की शाखाओं में अधिकारियों और कर्मचारियों ने काले फीते बांधकर विरोध-प्रदर्शन किया। कर्मचारियों की लंबित एवं न्यायोचित मांगों का समर्थन किया।
जिला संयोजक नवींद्र कुमार ने बताया कि यह विरोध शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से किया जा रहा है। आने वाले दिनों में कर्मचारी काले बैज और काले वस्त्र धारण कर आंदोलन को और प्रभावी बनाएंगे। प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगों में पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करना, परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (पीएलआई) में भेदभाव समाप्त करना और नई भर्तियां शुरू करना शामिल है।
यूनियन नेताओं ने कहा कि बढ़ते कार्यभार और सीमित स्टाफ के कारण कर्मचारियों पर अत्यधिक दबाव है, जिसे दूर करना जरूरी है। पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि अगर मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को तेज किया जाएगा। यूएफबीयू के उपाध्यक्ष संतोष तिवारी ने कहा कि विरोध प्रदर्शन में विभिन्न बैंकों के अधिकारियों व कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लेकर एकजुटता का परिचय दिया।
